नई दिल्ली। देश के सभी 31 आईआईटी में दाखिला प्रवेश परीक्षा जेईई एडवांस्ड 2020 तय समय पर होगी। जेईई एडवांस्ड 2020 के आयोजक और आईआईटी दिल्ली के डायरेक्टर प्रो. वी रामगोपाल राव ने कहा कि 27 सितंबर को ही परीक्षा करवाई जाएगी। हम छात्रों और अभिभावकों से आग्रह करते हैं कि वे सामाजिक दूरी का ध्यान रखते हुए परीक्षा की तैयारी करें। सुरक्षित परीक्षा आयोजन को लेकर पूरी तैयारी है।
वहीं, उन्होंने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) के तय समय पर जेईई मेन और नीट 2020 के फैसलेे को सही ठहराया है। सामाजिक दूरी के नियमों का पालन करके छात्रों को प्रवेश परीक्षा देनी ही होगी।
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी द्वारा एक से छह सितंबर तक जेईई मेन और 13 सितंबर को नीट 2020 के आयोजन की घोषणा की गई है। इसके बाद छात्र समेत अन्य एनटीए के इस फैसले को गलत करार दे रहे हैं। इसी के बाद प्रो. राव ने सोशल मीडिया के माध्यम से छात्रों के समक्ष अपनी बात रखी है।
प्रो. राव ने कहा कि हमें कोविड-19 के साथ आगे बढ़ना होगा। ऐसा नहीं है कि परीक्षा की तारीख बदलने से बाद में कोरना का खतरा नहीं होगा। कोरोना आगामी छह महीनों में जाने वाला नहीं है। इसलिए परीक्षा स्थगित करना कोई हल नहीं है।