देशबंधु गुप्ता रोड इलाके में कारोबारी के कलेक्शन एजेंट से हुई 91 लाख की लूट के मामले को पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है। पुलिस ने वारदात में शामिल गैंगस्टर सोनू दरियापुर के पांच शार्प शूटरों को गिरफ्तार किया है। बदमाशों के कब्जे से पुलिस ने 39 लाख रुपये, पिस्टल और वारदात में इस्तेमाल स्कूटर और बाइक बरामद की है।
पुलिस उपायुक्त स्वेता चौहान ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों की पहचान हरियाणा के रोहतक निवासी नरेंद्र (27), नसीम (28), विक्की नरेश (30), सागर (24) और दीपक शर्मा (24) के रूप में हुई है। सात मार्च को देशबंधु गुप्ता इलाके के कारोबारी का कलेक्शन एजेंट मनोज कुमार अपने सहकर्मी शिवम के साथ चांदनी चौक से करीब 91 लाख रुपये लेकर आ रहा था। जैसे वह फैज रोड की रेडलाइट पर पहुंचा।
कुछ युवकों ने पीछे से स्कूटर पर लात मारकर उन्हें रोक लिया। पीड़ितों को पिस्टल दिखाने के बाद बदमाशों ने उनकी आंखों पर पेपर स्प्रे छिड़क दिया। जब तक दोनों संभल पाते बैग छीनकर फरार हो गए। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जिले के वाहन चोरी निरोधक शाखा इंचार्ज उप निरीक्षक संदीप गोदारा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला। जांच में पता चला कि बदमाश तीन वाहनों में आए थे। एक बदमाश पीड़ितों का करोल बाग से ही पीछा कर रहा था।
जांच में पता चला कि वारदात में शामिल बदमाश सोनू दरियापुर गैंग के हैं। पुलिस ने सौ से ज्यादा बदमाशों की जानकारी हासिल करने के बाद नरेंद्र नाम के बदमाश की पहचान कर ली। उसका फोन बंद था। तकनीकी जांच में पता चला कि बदमाश हिमाचल के मनाली की तरफ जा रहे हैं। पुलिस टीम ने बदमाशों का पीछा किया और करीब तीन सौ किलोमीटर तक पीछा कर पंजाब के राजपुरा इलाके में बदमाशों को पकड़ लिया। लूट के लिए बदमाशों ने पश्चिम विहार में एक फ्लैट किराए पर लिया था। पुलिस ने बताया कि नरेंद्र, विक्की, सागर और नसीब पर पहले से हत्या के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस बदमाशों से पूछताछ कर जांच कर रही है।