फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जैश-उल-हिंद ने ली जिम्मेदारी, दो संदिग्ध ईरानी हिरासत में

विज्ञापन
विज्ञापन
नई दिल्ली। डॉ. अब्दुल कलाम रोड स्थित इस्राइली दूतावास में शुक्रवार को हुए बम धमाके की जिम्मेदारी आतंकी संगठन जैश-उल-हिंद ने ली है। खुफिया एजेंसियों को टेलीग्राम पर मेसेज भेजकर बम धमाके कराने की बात कही गई है। दिल्ली पुलिस और अन्य जांच एजेंसियां इस दावे की पुष्टि करने में जुटी हैं। शनिवार को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल, एनआईए और एनएसजी ने भी घटनास्थल पर जाकर जांच की। सेल ने घटनास्थल की थ्रीडी-मैपिंग कराई।
विज्ञापन

दोपहर बाद स्पेशल सेल ने दो संदिग्ध ईरानी नागरिकों को हिरासत में ले लिया। सूत्रों का कहना है कि धमाके से कुछ ही देर पहले दो संदिग्ध एक कैब में बैठकर आते दिखे थे। जांच में पता चला है कि वारदात से पूर्व आतंकियों ने घटनास्थल की कई बार रेकी की थी। स्पेशल सेल और बाकी एजेंसियां दोनों संदिग्धों से पूछताछ में जुटी हैं। दिल्ली पुलिस के अधिकारी बम धमाके में ईरानी कनेक्शन की बात से इनकार नहीं कर रहे हैं।
शनिवार सुबह स्पेशल सेल के साथ एफएसएल की टीम घटनास्थल पहुंची। सेल की टीम के साथ पुलिस उपायुक्त प्रमोद सिंह कुशवाहा भी थे। बाद में सेल के विशेष आयुक्त नीरज ठाकुर पहुंचे। टीम ने धमाके वाली जगह से मिट्टी व घास के सैंपल उठाए। पुलिस सूत्रों का दावा है कि विस्फोट के लिए आतंकियों ने अमोनियम नाइट्रेट का इस्तेेमाल किया। छानबीन के दौरान घटनास्थल से मिले पॉलिथीन बैग, बॉल बियरिंग, आधे जला हुए गुलाबी दुपट्टे की भी पड़ताल की जा रही है। यहां बैटरी के कुछ अंश भी पाए गए हैं। पुलिस सूत्रों का कहना है कि धमाके के लिए आईईडी का इस्तेमाल किया गया। यहां हाई ग्रेड मिलिट्री एक्सप्लोसिव मिले हैं। इस तरह के विस्फोट के लिए अल-कायदा जैसे आतंकी संगठन कुख्यात हैं।
विज्ञापन

स्पेशल सेल आसपास मौजूद बंगलों में लगे सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल में जुटी रही। पुलिस अधिकारियों ने दावा किया कि विस्फोट से कुछ देर पूर्व दो संदिग्ध एक कैब में बैठकर वहां पहुंचे थे। दोनों ने एक पॉलिथीन में लिपटा हुआ सामान वहां डाला था। इसके बाद दोनों चले गए थे। इसकी जांच के बाद ही पुलिस ने दोनों कथित आरोपियों को हिरासत में लिया। उधर, पुलिस अधिकारी घटना के चश्मदीदों की तलाश में भी जुटे हैं। शनिवार को पूरे इलाके का सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इसकी जांच की गई कि आतंकियां ने कहीं और तो विस्फोटक नहीं रखा था।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, बम धमाके की जिम्मेदारी लेने वाले आतंकी संगठन जैश-उल-हिंद ने अपने संदेश में कहा है कि अल्लाह की मदद से अति सुरक्षित कहे जाने वाले स्थान पर घुसकर आईइडी धमाका कर पाए हैं। यह तो हमलों की सीरीज का पहला ट्रेलर है। आगे भारतीय शहरों को निशाना बनाकर सरकार द्वारा किए जा रहे अत्याचारों का बदला लिया जाएगा। दिल्ली पुलिस और जांच एजेंसियां इस संदेश की भी जांच में जुट गई हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें