नई दिल्ली। अफगानिस्तान से विस्थापित हुए हिंदू और सिखों को मुआवजा देने की मांग ‘जागो’ पार्टी ने की है। इसे लेकर संयुक्त राष्ट्र संघ के दिल्ली दफ्तर को पत्र भी भेजा गया है। पत्र में कहा गया है कि अफगानिस्तान से विस्थापित हुए हिंदू व सिखों को आतंक प्रभावित विस्थापित का दर्जा मिलना चाहिए।
जागो पार्टी के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष मनजीत सिंह जीके ने बताया कि अफगानिस्तान से सिख व हिंदुओं के आने से स्थित गुरुद्वारे व अन्य धार्मिक स्थल खाली हो गए है। ऐसे में उनकी संपत्तियों पर कोई भी कब्जा कर सकता है।
उल्लेखनीय है कि अफगानिस्तान में गुरुद्वारा साहिब पर हुए आतंकवादी हमले में दो दर्जन से अधिक सिखों के मारे जाने की खबर है। शुक्रवार को अफगानिस्तान से 128 सिख व हिंदू परिवार दिल्ली पहुंचे। अभी तक ऐसे 180 परिवार आ चुके हैं।
दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने केंद्र सरकार ने वहां रह रहे अल्पसंख्यक को भारत लाकर नागरिकता देने की मांग की है। इनके खाने व रहने का इंतजार प्रबंधक कमेटी कर रही है। कमेटी के अध्यक्ष सिरसा ने बताया कि वहां रह गए लोगों को भारत लाने का प्रयास किया जा रहा है।
जीके की उपस्थित में शनिवार को स्त्री अकाली दल दिल्ली प्रदेश की महासचिव व रंगकर्मी अवनीत कौर भाटिया अपने साथियों सहित ‘जागो’ में शामिल हुई। जीके व कौर ब्रिगेड की अध्यक्ष मनदीप कौर बख्शी ने सभी को सिरोपा डालकर पार्टी में शामिल किया। अवनीत को पार्टी की नवगठित इकाई ‘यूथ कौर ब्रिगेड’ का अध्यक्ष व कौर ब्रिगेड का मीडिया सलाहकार नियुक्त करने की घोषणा की।