नई दिल्ली। गुरु गोबिंद सिंह इन्द्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (आईपीयू) में अंतिम वर्ष के छात्रों के लिए पेन-पेपर आधारित (ऑफलाइन) परीक्षाएं सितंबर के चौथे सप्ताह से शुरू होंगी। परीक्षा तिथियां इसी सप्ताह में जारी कर दी जाएंगी। विवि प्रशासन ने छात्रों को परीक्षा की तैयारी शुरू करने की सलाह दी है। पूर्व में यह परीक्षाएं जुलाई में होनी थी लेकिन कोविड-19 के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए स्थगित कर दिया गया था।
आईपीयू के अनुसार अब अंतिम वर्ष की ऑफलाइन परीक्षाएं सितंबर के चौथे सप्ताह से कराने का फैसला किया गया है। इसके लिए बृहस्पतिवार या शुक्रवार तक परीक्षा तिथियों का शेड्यूल जारी कर दिया जाएगा। यह परीक्षाएं आईपीयू से संबद्ध विभिन्न कॉलेजों व संस्थानों में आयोजित की जाएंगी। इस दौरान सामाजिक दूरी व कोविड-19 की अन्य गाइडलाइंस का पूरा ध्यान रखा जाएगा।
प्रशासन ने संक्रमण को देखते हुए केवल अंतिम वर्ष के छात्रों की परीक्षा ही ऑफलाइन कराने और बाकी छात्रों को उनके पूर्व के सेमेस्टर के अंक का 50 फीसदी और इस वर्ष हुए आंतरिक मूल्यांकन के अंक का 50 फीसदी के आधार पर प्रमोट करने का फैसला किया था। हाल ही में डीयू में अंतिम वर्ष के छात्रों के लिए ऑनलाइन ओपन बुक एग्जाम (ओबीई) कराया गया था, अब ऑफलाइन ओबीई 14 सितंबर से होगा।