नई दिल्ली। रोहिणी जिले की स्पेशल स्टाफ ने अमन विहार में कलेक्शन एजेंट को चाकू मारकर 9.63 लाख लूटपाट के मामले में एक नाबालिग समेत दो बदमाशों को पकड़ा है। एक की पहचान गांव मुंदरी, कैथल हरियाणा निवासी मोनू के रूप में हुई। करीब 25 किलोमीटर तक लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की जांच के बाद आरोपियों का पता चला। पुलिस ने आरोपियों से 4.89 लाख रुपये, मोबाइल और बाइक बरामद की। पुलिस एक अन्य बदमाश की तलाश कर रही है।
जिला पुलिस उपायुक्त प्रणव तायल ने बताया कि 6 जुलाई को बाइक सवार बदमाशों ने अमन विहार में स्पे इंडिया कंपनी के कलेक्शन एजेंट बुध विहार निवासी रमेश कुमार को चाकू मारकर 9.63 लाख रुपये लूट लिए थे। जिले की स्पेशल स्टाफ ने जांच के दौरान कंपनी के पचास से अधिक कर्मचारियों और वेंडरों से पूछताछ की। 25 किलोमीटर रूट पर लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला। इसके जरिए पता चला कि बदमाशों ने मुंडका स्थित वेंडर की दुकान के पास से रमेश का पीछा करना शुरू किया था। एक बदमाश ने लाल रंग का कपड़ा पहन रखा था। पुलिस ने इसकी पहचान नाबालिग के तौर पर की। नाबालिग घर से फरार था। पुलिस को पता चला कि वारदात में शामिल एक अन्य बदमाश गांव मुंदरी, कैथल हरियाणा निवासी मोनू लूट की रकम से कार खरीदने रोहिणी सेक्टर-तीन आ रहा है। सोमवार को पुलिस ने घेराबंदी पर दोनों बदमाशों को दबोच लिया। पुलिस ने बताया कि दोनों बदमाश गरीब परिवार के हैं और इन पर पहले से कोई मामला दर्ज नहीं है।