पूर्वी जिला पुलिस ने पांडव नगर के एक होटल में छापामारी कर तीन विदेशी युवतियों समेत कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में तीन उज्बेकी युवतियां, दो दलाल और एक होटल का केयर टेकर शामिल है। आरोपियों की पहचान प्रवीन कुमार, केतन कंसल और होटल के केयर टेकर सिकंदराबाद, यूपी निवासी सुनील कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस ने होटल से दस्तावेज व अन्य सामान कब्जे में लेकर होटल को सील कर दिया है। होटल का मालिक अर्जुन बिहार के चंपारण में रहता है। उसकी तलाश में एक टीम बिहार रवाना हो गई है। मामले की छानबीन जारी है।
पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त प्रियंका कश्यप ने बताया कि पिछले दिनों सूचना मिली थी कि शशि गार्डन, पांडव नगर के ओयो होटल में जिस्मफरोशी का धंधा चल रहा है। यहां विदेशी लड़कियों को ग्राहकों के आगे परोसा जा रहा है। पुलिस ने नकली ग्राहक बनाकर सिपाही को होटल भेजा।
सौदेबाजी के बाद नकली ग्राहक ने बाहर मौजूद टीम को इशारा कर दिया। बाद में होटल की दूसरी मंजिल से अलग-अलग कमरों से उज्बेकिस्तान की तीन युवतियां, दो दलाल प्रवीन कुमार और कंसल को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से सिपाही द्वारा दिए गए रुपये भी बरामद हो गए।
पुलिस ने होटल का रजिस्टर भी कब्जे में ले लिया। होटल के केयर टेकर सुनील कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कितने दिनों से होटल में जिस्मफरोशी का धंधा चल रहा था।