दिल्ली डायलॉग कमीशन ने एक वार्ता का आयोजन किया जिसमें शहरी निर्माण, सुरक्षा, शिक्षा, महिला विकास, युवाओं के विकास, खेल और तकनीकी से जुड़े विविध क्षेत्र के विशेषज्ञों ने हिस्सा लिया। विशेषज्ञों ने अपने-अपने क्षेत्रों की विशेष जरूरतों और चुनौतियों को साझा करते हुए बताया कि आने वाले समय में दिल्ली को वैश्विक स्तर का शहर बनाने के लिए क्या किया जाना चाहिए।
दिल्ली डायलॉग एंड डेवेलपमेंट कमीशन के उपाध्यक्ष जैस्मिन शाह ने बैठक के बाद कहा कि एक आधुनिक वैश्विक स्तर के शहर के निर्माण के लिए इससे जुड़े सभी लोगों की राय ली जा रही है। सभी महत्त्वपूर्ण क्षेत्रों के विशेषज्ञ अपनी-अपनी राय सरकार के सामने रख रहे हैं। इनमें कई सुझाव बेहद महत्त्वपूर्ण कैटेगरी के पाए गए हैं जिन्हें दिल्ली को एक बेहतरीन शहर बनाए जाने के लिए आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली शहर दिल्ली में रहने वाले लोगों का है। इस शहर को बेहतर, सुरक्षित और सभी आवश्यक सुविधाओं से युक्त बनाने के लिए किसी के भी पास कोई सुझाव या तरीका है तो उसे इसे सरकार के साथ साझा करना चाहिए। सरकार सुझावों पर अमल करने की कोशिश करेगी।
विशेषज्ञों ने कहा कि फिटनेस को दिल्ली जैसे शहर की आम जिन्दगी का हिस्सा बनाए जाने की जरूरत है। इसके लिए सार्वजनिक स्तर पर जगह-जगह सुविधाओं का विकास किया जाना चाहिए। ‘खेलो दिल्ली’ का कदम इसी दिशा में उठाया गया एक बेहतरीन कदम है। सरकार आने वाले समय में अन्य सुझावों पर भी काम करेगी।