नई दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सोनिया विहार में महज पांच रुपये के लिए दबंग पिता-पुत्र ने पान की दुकान चलाने वाले एक युवक के दोनों हाथ तोड़ दिए। आरोपियों ने लात, घूंसे और डंडे से पीड़ित को तब तक मारा, तब तक वह बेहोश नहीं हो गया। युवक के सिर में भी गंभीर चोट लगी। राहगीरों ने किसी तरह पीड़ित को आरोपियों को छुड़ाया। बाद में मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने पीड़ित शिव कुमार यादव (22) को जग प्रवेश चंद अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने आरोपी राजेश और बेटे हेमंत को गिरफ्तार कर लिया है।
शिव कुमार सोनिया विहार के पहले पुश्ते की गली नंबर-10 में रहता है। परिवार में पिता पुरुषोत्तम कुमार, मां व दो भाई हैं। शिव कुमार पहले निजी बैंक की क्रेडिट कार्ड डिवीजन में काम करता था। लॉकडाउन के बाद नौकरी छूट गई थी। तीन माह पूर्व शिव कुमार ने तीसरे पुश्ते पर पान की दुकान खोली थी। आरोप है कि तीन फरवरी की दोपहर को वह दुकान पर था। इस बीच दुकान के सामने प्रॉपर्टी का कारोबार करने वाला राजेश वहां पहुंचा। उसने पांच रुपये का तंबाकू खरीदा और बिना पैसे दिए ही जाने लगा। शिव ने पैसों के लिए टोका तो वह एकदम भड़क गया और शिव को पीटने लगा। इस दौरान राजेश का बेटा हेमंत भी आ गया। दोनों ने शिव को जमीन पर गिराकर उस पर लात, घूंसों और डंडे बरसा दिए। सिर फटने के अलावा दोनों हाथ भी टूट गए।