नई दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के खजूरी खास इलाके में शुक्रवार देर रात अज्ञात वाहन ने बाइक सवार एक युवक को टक्कर मार दी। हादसे में युवक सड़क पर गिरकर अचेत हो गया। काफी देर तक वह सड़क पर पड़ा रहा। किसी राहगीर ने मामले की सूचना पुलिस को दी तो उसे जग प्रवेश चंद अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
युवक की पहचान विकास कुमार (23) के रूप में हुई है। विकास बाड़ा हिंदूराव अस्पताल में बाउंसर की नौकरी करता था। हादसे के समय वह घर से अपनी ड्यूटी जा रहा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक विकास कुमार परिवार के साथ ए-ब्लॉक, हर्ष विहार गली नंबर-13 में रहता था। इसके परिवार में पिता कर्मवीर, मां, दो भाई व अन्य सदस्य हैं। विकास अविवाहित था। पिछले कुछ समय से विकास उत्तरी दिल्ली के बाड़ा हिंदूराव अस्पताल में बाउंसर की नौकरी करता था। शुक्रवार रात को वह घर से ड्यूटी के लिए निकला था। इस बीच खजूरी खास फ्लाईओवर पर किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। पुलिस टक्कर मारने वाले वाहन चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है।