दिल्ली अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डा पर कस्टम अधिकारियों ने युगांडा की दो महिलाओं से 90 करोड़ रुपये की हेरोइन बरामद की है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि दोनों विदेशी महिलाएं नैरोबी (केन्या) से आबूधाबी होते हुए 12-13 नवंबर की दर्मियानी रात्रि को भारत आई थीं। दोनों महिलाएं युगांडा और केन्या में कई एयरपोर्ट्स पर नहीं पकड़ी गईं। हेरोइन उनके सामान के नीचे रखा था। अधिकारियों ने बताया कि युगांडा की दो महिलाओं के तीन सूटकेस से 12.900 किलोग्राम क्रिस्टलीन हेरोइन बरामद की गई। बैगेज में हेरोइन का पता एयरपोर्ट पर सामानों को सूंघ रहे डॉग स्क्वायड ने लगाया।
सूत्रों के अनुसार, विस्तृत जांच और पूछताछ के बाद महिलाओं ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। ये महिलाएं यहां एक व्यक्ति को यह हेरोइन देने वाली थीं, जो उनसे संपर्क करने वाला था। दिल्ली एयरपोर्ट पर इस साल जनवरी से लगभग 100 किलोग्राम हेरोइन बरामद की जा चुकी है और 26 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।