फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Delhi Crime: हरियाणवी लोक गायिका की हत्या कर रोहतक में शव दफनाया, दो गिरफ्तार

Wed, 25 May 2022 05:59 AM IST
Jeet Kumar अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली।

सार

पुलिस के अनुसार, लोक गायिका के परिवार ने 14 मई को जाफरपुर कलां थाने में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दी थी। शिकायत में बताया कि वह अपने जानकार के साथ 11 मई को वीडियो की रिकॉर्डिंग करने के लिए गई थी।
विज्ञापन
गिरफ्त में आरोपी... - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

द्वारका जिले के जाफरपुर कलां से लापता हरियाणवी लोक गायिका को अगवा कर उसकी हत्या कर दी गई। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में उसके दो दोस्तों अनिल और रवि को 21 मई को गिरफ्तार किया है। पहले दोनों पुलिस को गुमराह करते रहे। सख्त पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि आपसी संबंधों में आई कड़वाहट की वजह से लोक गायिका की हत्या कर दी। इससे पहले लोक गायिका ने रवि पर दुष्कर्म का मामला दर्ज करवाया था। इसमें रवि को जेल जाना पड़ा था।

विज्ञापन


इसके बाद अनिल से भी संबंध खराब हो गए थे। दोनों आरोपी इसका बदला लेने के लिए उसे म्यूजिक वीडियो बनाने के बहाने दिल्ली से रोहतक ले गए। वहां जहरीला पदार्थ देकर उसकी हत्या कर दी और शव रोहतक के महम क्षेत्र स्थित भैणी भेरो फ्लाईओवर के पास दफना दिया।

पुलिस के अनुसार, लोक गायिका के परिवार ने 14 मई को जाफरपुर कलां थाने में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दी थी। शिकायत में बताया कि वह अपने जानकार के साथ 11 मई को वीडियो की रिकॉर्डिंग करने के लिए गई थी। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की जांच की। इसके जरिये पुलिस को अनिल के बारे में पता चला।
विज्ञापन


पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन फोन बंद था। पुलिस ने तकनीकी जांच कर अनिल और उसके साथी रवि को गिरफ्तार कर लिया। इसी बीच 23 मई को लोक गायिका का शव दफनाया हुआ मिल गया। इस पर महम थाना पुलिस ने हत्या और सबूत छिपाने का मामला दर्ज कर लिया।  

पुलिस के मुताबिक, शव मिलने की जानकारी के बाद दिल्ली पुलिस ने दोनों आरोपियों से सख्ती से पूछताछ की। जिला पुलिस उपायुक्त शंकर चौधरी ने बताया कि मृतका हरियाणवी गायिका लोक गीतों की अपनी आवाज में रिकार्डिंग कर यूट्यूब पर अपलोड करती थी।

जमीन में दबा हाथ और एक पैर नजर आया 
रोहतक के महम के नजदीक भैणी भेरो गांव के पास फ्लाईओवर के नजदीक से एक व्यक्ति गुजर रहा था। किसी जरूरी  काम से वह फ्लाईओवर के नीचे उतरा। उसे जमीन में दबा एक हाथ नजर आया। ध्यान से देखने पर उसे एक पैर भी नजर आया। इसके बाद उसने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने युवती के शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए रोहतक स्थित अस्पताल भेजा।

थाने में शव रखकर किया प्रदर्शन, प्रभारी निलंबित
23 मई को पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया। शव को लेकर परिवार और भीम आर्मी के कार्यकर्ता जाफरपुर थाने पहुंच गए और वहां रातभर बारिश के बीच विरोध प्रदर्शन किया। विरोध कर रहे लोग पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगा रहे थे और आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने की मांग कर रहे थे। द्वारका जिला पुलिस उपायुक्त शंकर चौधरी ने थाने पहुंचकर लोगों को शांत करवाया और सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। साथ ही पुलिस ने लापरवाही के आरोप में जाफरपुर कलां थाना प्रभारी को निलंबित कर दिया।

दिल्ली महिला आयोग का पुलिस को नोटिस
दिल्ली महिला आयोग ने भी मामले को संज्ञान में लेकर दिल्ली पुलिस को नोटिस भेजा है। आयोग ने 27 मई तक मामले की रिपोर्ट मांगी है। आयोग की अध्यक्ष स्वाती मालीवाल का कहना है कि दिल्ली के जाफरपुर कलां में रहने वाली अनुसूचित जाति की युवती का रोहतक में शव मिला है। परिवार ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है। इस वजह से दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया गया है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें