दिल्ली में वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) विभाग की प्रवर्तन टीम ने सक्रियता दिखाते हुए तंबाकू की बड़ी खेप जब्त की है। प्रवर्तन टीम ने बीती रात हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के पार्सल कार्यालय से रेलवे के माध्यम से अन्य राज्यों में भेजी जा रही तंबाकू को जब्त किया है। टीम ने विभिन्न किस्म की तंबाकू के 100 से अधिक बोरे बरामद किए। औचक निरीक्षण में 50 लाख रुपये की तंबाकू पकड़ी गई है।
पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भी मारा छापा
जीएसटी विभाग की टीम ने इसके अलावा पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन के पार्सल कार्यालय में भी छापा मारा। प्रवर्तन विभाग के अनुसार, तंबाकू के पैकेट की पहचान छुपाने के लिए अधिकतर तंबाकू के पैकेट गेहूं के आटे के पैकेट में छिपाए गए थे। जीएसटी प्रवर्तन विभाग की टीम बुधवार से शाम से ही रेलवे स्टेशन और उसके आसपास चौकसी बरत रही थी। संदिग्ध गतिविधि देखते ही हरककत में आई और पार्सल कार्यालय में छापा मारा। रेलवे की टीम भी इस अभियान में शामिल थी।