लालकिले की प्राचीर से प्रधानमंत्री करेंगे संबोधित, दस हजार सुरक्षाकर्मी रहेंगे तैनात
यमुना नदी में भी दिल्ली पुलिस के विशेष प्रशिक्षित कमांडो तैनात
सीमाओं से आने वालों पर विशेष निगरानी रखी जा रही
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। अभेद्य सुरक्षा के बीच 15 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लालकिले की प्राचीर से देश को संबोधित करेंगे। सोमवार को सुरक्षा एजेंसियां जोरशोर से सुरक्षा इंतजाम को अंतिम रूप देने में जुटी रहीं। सुरक्षा में कोई कोताही न हो, इसके लिए दिल्ली पुलिस के आला अधिकारी समारोह स्थल पर डटे रहे। दिल्ली पुलिस व अन्य सुरक्षा एजेंसियों के 10 हजार से ज्यादा जवानों ने लालकिले को छावनी में तब्दील कर दिया है। साथ ही जमीन से लेकर आसमान तक की सुरक्षा के इंतजाम कर लिए हैं। यहां तक कि यमुना नदी में भी दिल्ली पुलिस के विशेष प्रशिक्षित कमांडो तैनात किए गए हैं। साथ ही ड्रोन के जरिये पूरे इलाके की निगरानी रखी जा रही है।
स्वतंत्रता दिवस पर राजधानी में अचूक व पुख्ता सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। लालकिले से लेकर दिल्ली की सीमाओं पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। सोमवार आधी रात के बाद से दिल्ली की सीमाएं कर दी गई हैं। सीमाओं पर कड़ी निगरानी के बाद वाहनों को दिल्ली में प्रवेश करने दिया जाएगा। साथ ही सीमाओं से आने वालों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। आतंकी व बदमाशों से संबंधित सूचनाओं को लेकर दिल्ली पुलिस पड़़ोसी राज्यों की पुलिस के संपर्क में है। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए लालकिले के आसपास अभेद्य सुरक्षा घेरा बनाया गया है। लालकिले के पास पीसीआर वैन लगातार गश्त कर रही है। लालकिले के पीछे स्थित यमुना नदी में भी सुरक्षा व्यवस्था सख्त है। यमुना में दिल्ली पुलिस के कमांडो और गोताखोरों की टीम लगातार गश्त कर रही है।
कई लेयर में लालकिले की सुरक्षा व्यवस्था
लालकिले पर 15 अगस्त को होने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम को लेकर यहां कई लेयर में सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। विभिन्न एजेंसियों एनएसजी, एसपीजी, पैरामिलिट्री फोर्स और दिल्ली पुलिस के जवान यहां सुरक्षा में तैनात किए गए हैं। लालकिले पर एंटी एयरक्राफ्ट गन को तैनात किया गया है, जो लालकिले के आसपास किसी भी प्रकार की उड़ने वाली वस्तु को काबू कर सकेगी। लालकिले पर विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के करीब 5 हजार जवान तैनात हैं। वहीं प्रधानमंत्री के पूरे रूट को मिलाकर करीब 10 हजार जवान तैनात होंगे। लालकिले के आसपास की निगरानी के लिए कई मचान और मोर्चे बनाए गए हैं। साथ ही आसपास की ऊंची इमारतों पर दूरबीन के साथ जवान अत्याधुनिक हथियारों के साथ मौजूद रहेंगे। सोमवार को दिल्ली पुलिस के तमाम आला अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और जवानों को जरूरी दिशा निर्देश दिए। विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच तालमेल के लिए कंट्रोल रूम बनाया गया है।
पहली बार इस्राइली तकनीक से युक्त एफआरएस कैमरों का इस्तेमाल
कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए दिल्ली पुलिस पहली बार इस्राइली तकनीक से युक्त एफआरएस कैमरों का इस्तेमाल करने जा रही है। इन कैमरों को समारोह स्थल के एंट्री गेट पर लगाया जाएगा। कैमरों के जरिये संदिग्ध के उसकी जद में आते ही पुलिस को तुरंत इसकी जानकारी मिल जाएगी, जिससे सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट हो जाएंगी। इन कैमरों में फेस रिकग्निशन सिस्टम की मदद से संदिग्ध की पहचान करने की क्षमता है। दिल्ली पुलिस समारोह स्थल के आसपास 600 से अधिक कैमरे लगा रही है।
लालकिले के आसपास यातायात पर प्रतिबंध सुबह 4 से 11 बजे तक
. नेताजी सुभाष मार्ग दिल्ली गेट से छत्ता रेल तक
. लोथियन रोड जीपीओ दिल्ली से छत्ता रेल तक
. एसपी मुखर्जी मार्ग एचसी सेन मार्ग से यमुना बाजार चौक तक
. चांदनी चौक रोड फव्वारा चौक से लालकिले तक
. निषाद राज मार्ग रिंग रोड से नेताजी सुभाष मार्ग तक
. एस्प्लेनेड रोड और इसकी लिंक रोड से नेताजी सुभाष मार्ग तक
. रिंग रोड पर राजघाट से आईएसबीटी तक
. आउटर रिंग रोड पर आईएसबीटी से आईपी फ्लाईओवर यानि सलीमगढ़ बाईपास तक
समारोह स्थल पर इन वस्तुओं को लेकर नहीं जाएं
. कैमरा, दूरबीन, रिमोट, कंट्रोल कार की चाबियां, छाता, हैंडबैग, ब्रीफकेस, ट्रांजिस्टर, सिगरेट, लाइटर, टिफिन बॉक्स और पानी की बोतल
मानव रहित हवाई वाहनों को उड़ाने पर प्रतिबंध
दिल्ली पुलिस ने आतंकियों और असामाजिक तत्वों से खतरे को देखते हुए मानव रहित हवाई वाहनों को उड़ाने पर प्रतिबंध लगा दिया है, जिसमें पैरा-ग्लाइडर्स, पैरा मोटर्स, हैंग ग्लाइडर्स, यूएवी, यूएएस, माइक्रोलाइट विमान, रिमोट संचालित विमान, गर्म हवा के गुब्बारे, छोटे आकार के संचालित विमान, क्वाडकॉप्टर या विमान से पैरा जपिंग शामिल हैं।