रिंग रोड, भैरो मार्ग व मथुरा रोड पर आवाजाही बेहतर करने के लिए पीडब्ल्यूडी प्रगति मैदान के तीनों तरफ की सड़कों का चौड़ीकरण करने के लिए एक टनल का भी निर्माण कर रहा है। इससे रिंग रोड सीधे मथुरा रोड जुड़ जाएगा। वाहन चालकों को इसके बाद इस इलाके के ट्रैफिक जाम से मुक्ति मिलेगी। आवाजाही आसान करने के साथ टनल की सजावट पर भी पीडब्ल्यूडी का फोकस है।
अधिकारियों के मुताबिक, इसकी दीवारों पर कलाकृतियां बनाई गई हैं। दावा यहां तक है कि दुनियाभर में किसी भी दीवार पर इससे बड़ी कलाकृति नहीं बनी है। करीब एक लाख वर्ग मीटर में कलाकृति बनाई जा रही है। यह कलाकृति बहुत ही अनोखी होगी। टनल की दीवारों पर तीन मिलीमीटर मोटी माइल्ड स्टील की चादर लगाई गई है। उसके ऊपर पाउडर कलर कोटिंग के जरिए पेंटिंग की गई है। टनल को देश की समस्त छह ऋतुओं के रूप में बांटा गया है। इसका हर हिस्सा ऋतु के अनुसार सूर्य और चांद के महत्व को बताता है। ऋतुओं के अनुसार कश्मीर से कन्याकुमारी तक के सभी त्योहारों की झलक देखने को मिलेगी।
100 सीसीटीवी कैमरे लगाने की योजना
पीडब्ल्यूडी ने टनल में सुरक्षा की दृष्टि से करीब 100 सीसीटीवी कैमरे लगने हैं। कंट्रोल रूम से इसकी मॉनीटरिंग होगी। प्रदूषण की समस्या के निपटने के लिए यहां विशाल जर्मन एग्जास्ट फैन भी लगे हैं। इसमें स्मार्ट लाइटिंग की गई है। आग से बचाव के लिए भूमिगत टैंकों का भी इंतजाम है। पीडब्ल्यूडी अधिकारियों का कहना है कि टनल तकरीबन तैयार है। इसे फरवरी के आखिर तक चालू करने का लक्ष्य है।
रिंग रोड और मथुरा मार्ग से काफी हद तक कम हो जाएगा जाम
टनल चालू होने से रिंग रोड, मथुरा रोड, इंडिया गेट, पुराना किला रोड, भैरव रोड आदि रोड पर जाम की समस्या दूर होगी। यहां महज एक से डेढ़ किलोमीटर की दूरी को तय करने में 20 से 30 मिनट समय लग जाता है। शाम के वक्त यमुनापार की ओर से आकर नई दिल्ली में जाने के दौरान भारी जाम का सामना करना पड़ता है। कुछ लोग इस जाम से छुटकारा पाने के लिए विकल्प ना होने पर आईटीओ एवं भैरव रोड का इस्तेमाल करते हैं। यहां भी अक्सर भारी जाम रहता है। टनल चालू होने पर यह सफर दो-तीन मिनट में ही तय हो जाएगा। यहां टनल के अलावा छह अंडरपास भी बनाए जा रहे हैं। इनका निर्माण भी जल्द पूरा होने की उम्मीद है।
यह योजना पूरा हो जाने के बाद रिंग रोड से होते इस टनल के माध्यम से सीधे इंडिया गेट पर पहुंचा जा सकेगा। वहीं, इंडिया गेट से वापस आते वक्त पुराना किला रोड से होते हुए इस टनल का इस्तेमाल रिंग रोड पर आने के लिए किया जाएगा और इस टनल का इस्तेमाल करने से इंडिया गेट से रिंग रोड तक पहुंचने के लिए महज चार मिनट समय लगेगा।