बृहस्पतिवार रात करीब आठ बजे वह अपने तीन-चार दोस्तों के साथ गली में एक चबूतरे पर बैठकर फोन की लीड लगाकर गाने सुन रहा था। उसी दौरान बाइक व स्कूटी पर पांच लड़के वहां पहुंचे। हैदर के साथ बैठे युवकों को आरोपियों ने भाग जाने के लिए कहा।
हैदर के दोस्तों के जाते ही बदमाशों ने हैदर पर बेहद नजदीक से ताबड़तोड़ करीब 30 गोलियां दाग दीं। वारदात के बाद सभी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस को घटना स्थल से 25 खोखे व 3 कारतूस बरामद हुए। हैदर के मुंह पर बदमाशों ने 15-16 गोलियां मारी थीं। इससे कुछ ही देर पहले बदमाशों ने जाफराबाद के चौहान बांगर में राशिद की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
हमले के दौरान राशिद का दोस्त निरकार जान बचाकर भाग गया था लेकिन बदमाशों ने न्यू उस्मानपुर थाना क्षेत्र के एक्स-ब्लॉक ब्रह्मपुरी में उसे गोली मार दी थी। हमले में निरकार के एक गोली कंधे में लगी थी और वह बाल-बाल बच गया था।
मामले पर जिला पुलिस उपायुक्त वेद प्रकाश सूर्या का कहना है कि राशिद की हत्या और निरकार पर हुए जानलेवा हमले को मामूली रंजिश में अंजाम दिया गया। राशिद हत्याकांड से हैदर की हत्या का कोई लेना देना नहीं है। राशिद की हत्या के मामले में पुलिस ने रात को ही भरत (22) नामक युवक को पिस्टल समेत गिरफ्तार कर लिया था। भरत का दूसरा साथी सैफ मौके से फरार हो गया था।
पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश कर रही है। हिैदर हत्याकांड मामले में पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही है। सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर बदमाशों की पहचान की जा रही है।