इनके कब्जे से चार देसी पिस्तौल और 25 कारतूस बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। अवैध हथियारों की आपूर्ति के आरोप में पुलिस ने कुख्यात गैंगस्टर नवीन खाती और उसके दो सहयोगियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चार देसी पिस्तौल और 25 कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि 17 जुलाई की रात करीब 10 बजकर 25 मिनट पर द्वारका क्षेत्र के सुरहेड़ा मोड़ के पास पुलिस ने एक कार को रोका, जिसमें दो व्यक्ति सवार थे। वाहन की तलाशी लेने पर दो देसी पिस्तौल और 23 कारतूस बरामद किए गए। आरोपियों की पहचान बवाना निवासी दिनेश कुमार मान (42) और हरियाणा के पानीपत निवासी देवेंद्र उर्फ शूटर (40) के रूप में हुई है। अधिकारी ने बताया कि देवेंद्र, गैंगस्टर नवीन खाती का करीबी सहयोगी है और उसके खिलाफ हत्या, हत्या की कोशिश तथा शस्त्र अधिनियम समेत कुल 13 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि मान के खिलाफ दो आपराधिक मामले दर्ज हैं। पूछताछ के दौरान दोनों ने खुलासा किया कि उन्होंने ये हथियार गैंगस्टर नवीन खाती से खरीदे थे, जिनकी बिक्री से मुनाफा कमाना चाहते थे।