दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने अफगानी नागरिक से करोड़ों की ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मुस्तफाबाद निवासी गुलाम हसन उर्फ सरकार के रूप में हुई है। उसपर आरोप है कि उसने अफगान नागरिक से पन्ना रत्न को ऊंची कीमत में बिकवाने के लिए लिया।
आरोपी ने न तो पीड़ित को पन्ना वापस किया और न ही पैसे ही वापस किए। इस तरह से आरोपी ने पीड़ित से 2.73 करोड़ रुपये कीमत के रत्न को हड़प लिया। शाखा के संयुक्त आयुक्त डॉक्टर ओ पी मिश्रा ने बताया कि अफगानी नागरिक सैयद शाह आगा ने वर्ष 2020 में शाखा में ठगी की शिकायत की।
जिसमें उसने बताया कि उसका अफगानिस्तान में पन्ना रत्न का कारोबार है। वह एक व्यक्ति के निमंत्रण पर जुलाई 2019 में रत्न बेचने के लिए भारत आया था। लेकिन किसी कारणवश वह उसे पन्ना नहीं बेच पाया। इस दौरान वह जामा मस्जिद इलाके में रहता था।
एक दिन जामा मस्जिद में ढाबा चलाने वाले गुलाम हसन से उसकी मुलाकात हुई। गुलाम ने उसे पन्ना बिकवाने का आश्वासन दिया। इस तरह से आरोपी ने सैयद शाह आगा से एक बार 1940 कैरेट और दूसरी बार 2210 कैरेट पन्ना ले लिया। कुछ दिन बाद आरोपी ने पन्ना बिकने की बात कहकर पीड़ित को 21 लाख रुपये दिए और बची रकम कुछ दिन बाद देने का आश्वासन दिया। लेकिन बाद में जब पीड़ित ने बकाया 2.73 करोड़ रुपये मांगे तो वह आनाकानी करने लगा।