नई दिल्ली। किसान आंदोलन के दौरान 26 जनवरी को बुराड़ी में हुई हिंसा के मामले में उत्तरी जिले की एसआईटी ने पांच और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान सुरजीत उर्फ दीपू, सतवीर सिंह उर्फ सचिन, संदीप सिंह, देवेंद्र सिंह और रवि कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक बाइक, स्कूटी और इनके मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इससे पहले एसआईटी ने तीन आरोपियों को बुराड़ी हिंसा मामले में गिरफ्तार किया था। अब तक पुलिस आठ लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।
दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि ट्रैक्टर मार्च के दौरान 26 जनवरी को दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में हिंसा हुई थी। सिंघु बॉर्डर से किसानों ने जब लालकिले की ओर कूच किया, तो पुलिस ने बुराड़ी फ्लाईओवर के पास बैरिकेडिंग कर भीड़ को रोकने का प्रयास किया। यहां पर लोग उग्र हो गए। इन लोगों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। इसमें अर्द्धसैनिक बल के असिस्टेंट कमांडेंट समेत कुल 30 पुलिसकर्मी जख्मी हो गए थे। इस संबंध में बुराड़ी थाने में बलवा करने और पुलिसकर्मियों पर हमला करने समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया।
मामले की जांच के लिए जिला पुलिस उपायुक्त ने तीन एसीपी समेत कई एसएचओ व अन्य स्टाफ की एक एसआईटी गठित की। जांच के दौरान वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कुछ उपद्रवियों की पहचान कर ली गई।
छानबीन के बाद पुलिस ने नेहरू विहार निवासी सतवीर, रवि, सुरजीत और रोहिणी के सेक्टर-7 निवासी संदीप और देवेंद्र को उनके घरों से दबोच लिया। पुलिस सूत्रों का कहना है कि आरोपियों के पास से बरामद फोन से टीम को अहम सुराग हाथ लगे हैं। पुलिस बाकी आरोपियों की पहचान कर उनकी भी तलाश में जुटी है। घटना वाले दिन आरोपी बाइक व स्कूटी से सवार होकर बुराड़ी पहुंचे थे।