चपेट में आने से एक सिपाही की बिगड़ी हालत
- फोटो : अमर उजाला
पालम थाना इलाके में एक मकान में आग लगने के दौरान बीट सिपाहियों ने बहादुरी दिखाते हुए घर में मौजूद कई लोगों की जान बचा ली। सिपाहियों ने अपनी जान पर खेलकर घर में घुस गए और लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। उसके बाद पड़ोस की एक दुकान से आग बुझाने वाला उपकरण लाकर दमकल की गाड़ियों के पहुंचने से पहले ही आग पर काबू पा लिया। आग मकान की रसोई में लगने के बाद अन्य कमरे में फैल गई थी। धुंआ के चपेट में आने से एक सिपाही घायल हो गया, जिसे पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
जिला पुलिस उपायुक्त गौरव शर्मा ने बताया कि शुक्रवार रात करीब साढे बारह बजे पालम के महावीर एंक्लेव स्थित एक मकान में आग लगने की जानकारी मिली। थाना प्रभारी पारस नाथ वर्मा अपने साथ हवलदार महेश और संजीव को लेकर मौके पर पहुंचे। वहां लोगों की भीड़ थी। पुलिसकर्मियों ने सभी को वहां से दूर किया और दमकल विभाग को भी घटना की जानकारी दी। इसी दौरान बीट के सिपाही भारत और जयवीर भी पड़ोस के बीकानेर दुकान से आग बुझाने वाले दो उपकरण अपने साथ लेकर वहां पहुंच गए।
सिपाहियों ने अपनी जान की परवाह नहीं करते हुए उस मकान में घुस गए और कमरे में फंसे लोगों को बाहर निकाला। साथ ही कमरे के खिड़की और दरवाजे को खोल दिया। आग मकान के रसोई में लगी थी। दोनों सिपाही वहां पहुंचे। उन्होंने देखा कि आग गैस सिलिंडर की चिमनी के ऊपर बर्तन में रखे खाद्य तेल से शुरू हुई और पूरे किचन में फैली थी। साथ ही धुंआ अन्य कमरे में फैल चुका था। सिपाहियों ने आग बुझाने वाले उपकरण और पानी फेंककर आग पर काबू पा लिया।
बचाव कार्य के दौरान धुंआ के चपेट में आने से भारत को सांस लेने में दिक्कत होने लगी और वह उल्टी करने लगा। इस बीच आग पर काबू पाया जा चुका था। भारत को तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। जिला पुलिस उपायुक्त ने सिपाहियों के काम की सराहना की है और इसके लिए उनकी पीठ थपथपाई है।