दक्षिण दिल्ली के फतेहपुर बेरी इलाके में पोस्टर होर्डिंग बनाने की फैक्टरी में शुक्रवार रात लगी आग से पांच दमकलकर्मी झुलस गए। आग पर काबू पाने के दौरान पहले इनको सांस लेने में दिक्कत हुई, इसके बाद इनको जलने से चोट पहुंची। तुरंत कैट्स एंबुलेंस की मदद से सभी को नजदीकी फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, जहां से सभी को एम्स ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।
एक दमकलकर्मी को रात में ही इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। बाकी का इलाज जारी है। देर रात 12.30 बजे दमकल कर्मियों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। पुलिस आग लगने की वजहों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। शुरुआती जांच के बाद शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।
दमकल विभाग के निदेशक अतुल गर्ग ने बताया कि शक्रवार रात करीब 9.25 बजे कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि हर्ष रूप कालोनी, फतेहपुर बेरी की एक फैक्टरी में आग लग गई है। सूचना मिलते ही पुलिस के अलावा दमकल की 10 गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। करीब 200 गज की फैक्टरी के भूतल पर पोस्टर और होर्डिंग बनाने का काम होता था।
इसके लिए वहां केमिकल रखा हुआ था। आग लगी तो केमिकल तक पहुंच गई। इसकी वजह से धुंआ हो गया और आसपास के लोगों को सांस लेने में भी दिक्कत होने लगी। वहां आग पर काबू पा रहे दमकलकर्मी राहुल, आनंद, उपेश, मुकेश और मनजीत धुंए की चपेट में आकर अचेत हो गए। यह लोग झुलस भी गए। इन सभी को फौरन नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से इनको एम्स ट्रामा सेंटर भेज दिया गया।
सभी पांचों लोग नेहरू प्लेस और बसंत कुंज दमकल केंद्र में तैनात हैं। देर रात करीब 12.30 बजे किसी तरह आग पर काबू पाया गया। हादसे में दमकल कर्मियों के अलावा किसी और के हताहत होने की खबर नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ज्योति नगर में बैंक में भी लगी आग
राजधानी में पारा चढ़ने के साथ ही आग लगने की घटनाएं भी लगातार बढ़ रही हैं। उत्तर-पूर्व के ज्योति नगर इलाके में शनिवार सुबह एक्सिस बैंक में आग लग गई। सूचना मिलते ही दमकल की चार गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। करीब एक घंटे में आग पर काबू पा लिया गया। हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। शुरुआती जांच के बाद पुलिस शार्ट सर्किट को आग की वजह बता रही है।
पुलिस के मुताबिक, शनिवार सुबह 8.30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि लोनी रोड, ज्योति नगर के एक्सिस बैंक में आग लग गई है। तुरंत पुलिस के अलावा दमकलकर्मी वहां पहुंचे। करीब 9.30 बजे आग पर काबू पा लिया गया। हादसे में बैंक के अंदर रखा फर्नीचर, कंप्यूटर व अन्य कागजात जल गए। आग से कैश या अन्य कीमती सामान जलने की खबर नहीं है।
पटपड़गंज के जैन अस्पताल में लगी आग
पूर्वी दिल्ली के पटपड़गंज स्थित जैन अस्पताल में शनिवार शाम अचानक आग लग गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस के अलावा दमकल की पांच गाड़ियों को मौके पर पहुंची। तब तक अस्पताल का ऑपरेशन थिएटर पूरी तरह जल चुका था। हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। पुलिस और दमकल विभाग अधिकारियों का कहना है कि दूसरी मंजिल पर बने ओटी के एसी में आग लगने की वजह से हादसा हुआ। उस समय अस्पताल की दूसरी मंजिल पर शिफ्टिंग का काम चल रहा था। पुलिस मामला दर्ज कर आग लगने की वजह का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
दमकल विभाग के निदेशक अतुल गर्ग ने बताया कि पटपड़गंज स्थित पुष्पांजलि एंक्लेव में मौजूद जैन अस्पताल में शनिवार शाम करीब 4.45 बजे आग लग गई। जैन अस्पताल में आईवीएफ सेंटर चलाया जाता है। यहां दूसरी मंजिल पर आग लगी तो अफरातफरी मच गई। मंडावली दमकल केंद्र से तुरंत वहां गाड़ियां भेजी गई।
कुछ ही देर बाद आग पर काबू पा लिया गया। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि अस्पताल को सामने वाली दूसरी बिल्डिंग में शिफ्ट करने का काम चल रहा था। इसी दौरान एसी में किसी तरह आग लग गई और जल्दी ही दूसरी मंजिल पर फैल गई। गनीमत यह रही कि हादसे के समय बिल्डिंग में कर्मचारियों के अलावा कोई नहीं था। आग लगने पर वह भी सुरक्षित इमारत से बाहर आ गए।