शाहदरा जिले की पुलिस ने फर्जी आरटीपीसीआर रिपोर्ट देने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। टीम ने इस गिरोह में शामिल तीनों ठगों को गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से वारदात में इस्तेमाल किए जाने वाला लैपटॉप व तीन मोबाइलफोन भी पुलिस ने बरामद किया है।
शहादरा थाने की टीम ने फर्जी आरटीपीसीआर रिपोर्ट के नाम पर ठगी करने वाले उत्तम नगर के जितेन्द्र (25), सन्नी सिंह (29) और द्वारका के सुनील कुमार (20) को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों ने पुलिस की पूछताछ में इस बात को कुबूल किया है कि उन्होंने द्वारका और नारायणा क्षेत्र के कई लोगों को फर्जी आरटीपीसीआर रिपोर्ट के जरिए ठगा है।
पुलिस के मुताबिक पूर्वी गोरख पार्क निवासी उमंग गोगियो ने शहादरा थाने में 5 मई को एक एफआईआर दर्ज कराई थी, जिसमें उन्होंने बताया था कि उनकी मां पहले से कोरोना पॉजिटिव थीं, इसलिए परिवार के बाकी सदस्यों के कोरोना आरटीपीसीआर जांच के लिए उन्होंने एक व्यक्ति को घर पर बुलाया था।
जिसने परिवार के 6 लोगों का कोविड सेंपल लिया और बदले में 1500 रुपये प्रति व्यक्ति की दर से 9000 रुपये नकद वसूला। लेकिन चार दिन बाद भी उसने रिपोर्ट नहीं दी तो उन्होंने उसे दोबारा फोन किया। इस बार उसने दो दिन के भीतर रिपोर्ट देने का आश्वासन दिया। दो दिन के बाद आरोपी ने शिकायतकर्ता को निगेटिव रिपोर्ट दी। लेकिन उसपर लिखी नमूना संग्रह की तारीख गलत लिथी गई थी। जिससे शिकायतकर्ता को उसके ऊपर संदेह हुआ।