फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

DUSU Result: विजयी नारों से गुंजा कैंपस, मना जीत का जश्न; तुषार डेढ़ा बोले- मेरा चुनावी वादों पर पूरा फोकस

Sat, 23 Sep 2023 10:17 PM IST
अनुज कुमार अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली

सार

जीत के बाद समर्थक डीजे पर नाचते रहे, वहीं पटाखे भी जलाए गए। ढोल-नगाड़ों के साथ मिठाई खिलाते हुए और फूलों की बारिश करते हुए समर्थक नॉर्थ कैंपस स्थित स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर पहुंचे। इस दौरान समर्थक अपने-अपने प्रत्याशियों के लिए नारे भी लगाते रहे।
विज्ञापन
तुषार डेढ़ा, अभि दहिया, अपराजिता और सचिन बैसला - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में जीत मिलने के बाद विजेता प्रत्याशियों ने नॉर्थ कैंपस में जीत का जश्न मनाया। एबीवीपी उम्मीदवारों के तीन सीटों पर जीत दर्ज करने के बाद समर्थकों ने कैंपस में जुलूस निकाला। इस दौरान डीजे पर समर्थक नाचते रहे, वहीं पटाखे भी जलाए गए। ढोल-नगाड़ों के साथ मिठाई खिलाते हुए और फूलों की बारिश करते हुए समर्थक नॉर्थ कैंपस स्थित स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर पहुंचे। इस दौरान समर्थक अपने-अपने प्रत्याशियों के लिए नारे भी लगाते रहे।

विज्ञापन

समर्थकों ने अपने-अपने प्रत्याशियों को कंधों पर लेकर कैंपस में घुमाया। गाड़ियों में लगे गानों पर समर्थक नाचते रहे। पूरा कैंपस विजयी नारों से गूंजता रहा। जगह-जगह बैरिकेडिंग होने के कारण कुछ देर के लिए जाम की स्थिति भी रही। एनएसयूआई ने भले ही एक सीट जीती हो, लेकिन मतगणना केंद्र के बाहर प्रत्याशी के समर्थकों ने भी जीत का जश्न मनाया।

कैंपस में खूब उड़े पर्चे और पोस्टर
डूसू चुनाव के नतीजे आने के बाद कैंपस में बीते साल के एनजीटी के पेपर लेस चुनाव के आदेश की खूब धज्जियां उड़ाई गईं। जश्न के दौरान आर्ट्स फैकल्टी स्थित स्वामी विवेकानंद प्रतिमा पर पहुंचे विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों ने जमकर प्रिटेंड सामग्री हवा में उड़ाई। इस कारण से फैकल्टी व छात्रावास मार्ग की सड़कें प्रिटेंड सामग्री से पट गईं।

एनएसयूआई की प्रतिक्रिया
दिल्ली एनएसयूआई के अध्यक्ष कुणाल सहरावत ने कहा कि छात्रों के इस मत आदेश का स्वागत करते हैं। हमने चुनाव में पूरा मुकाबला किया है, अध्यक्ष पद पर भी कांटे की टक्कर रही। कुछ कमियां रही हैं, जिन्हें आने वाले समय में सुधारेंगे। छात्रों से घोषणा पत्र के माध्यम से जो भी वादे किए हैं उन्हें पूरा करवाएंगे।

एबीवीपी की प्रतिक्रिया
एबीवीपी दिल्ली के प्रदेश मंत्री हर्ष अत्री ने कहा कि एबीवीपी एक जिम्मेदार संगठन के रूप में विद्यार्थियों को हमेशा उठाता आया है। हम छात्रों का धन्यवाद करते हैं जिन्होंने एबीवीपी को एक बार फिर से चुना। हम छात्रों के भरोसे पर खरा उतरने के लिए कड़ी मेहनत करेंगे। हमने जो वादे किए हैं उसे पूरा करेंगे। चुनाव के दौरान एनएसयूआई ने काफी हिंसा की और उसी का जवाब आज उन्हें छात्रों की ओर से मिला है।
विज्ञापन

जीते प्रत्याशियों की प्रतिक्रिया
अध्यक्ष तुषार डेढ़ा ने कहा कि एबीवीपी द्वारा डीयू में किए गए पिछले काम एवं परिसर में निरंतर सक्रियता के कारण हमारे पैनल ने यह जीत दर्ज की है। चार वर्ष बाद छात्रसंघ चुनावों का होना और एबीवीपी का इतने बड़े अंतर से जीत दर्ज करना यह दर्शाता है कि एबीवीपी हमेशा सभी छात्रों की समस्याओं के निदान के लिए सदैव तत्पर रहा है। अब मेरा फोकस घोषणा पत्र में किए गए वादों को पूरा करवाने पर रहेगा, जिसमें यू स्पेशल, नए हॉस्टल का निर्माण व छात्राओं की सुरक्षा व सशक्तिकरण के लिए काम किया जाएगा।

उपाध्यक्ष अभि दहिया ने कहा कि  पूरे साल कैंपस में जो मेहनत की, उसका परिणाम मिला है। अब घोषणा पत्र में किए गए वादों को पूरा करने पर जोर रहेगा। प्राथमिकता छात्राओं को प्रति सेमेस्टर 12 दिन का मेन्स्ट्रुअल अवकाश दिलाया जाए। अब हमने नफरत के बाजार में प्यार की दुकान खोल दी है। अभि ने जीत का श्रेय कांग्रेस नेता राहुल गांधी, एनएसयूआई राष्ट्रीय अध्यक्ष नीरज कुंदन, एनएसयूआई राष्ट्रीय प्रभारी कन्हैया कुमार व एनएसयूआई दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष कुणाल सहरावत को दिया।

सचिव अपराजिता  ने कहा कि महिला उम्मीदवार के रूप में मुझे सबसे ज्यादा अंतर से जीत प्राप्त हुई है। यह दर्शाता है कि एबीवीपी जो महिला संबंधी मुद्दों को मुखरता से उठा रहा है और लगातार परिसर में छात्राओं के लिए कार्य कर रहा है यह भारी मतों से जीत उसी का नतीजा है। मैं छात्राओं के मुद्दों पर प्रमुखता से कार्य करूंगी।

संयुक्त सचिव सचिन बैंसला ने कहा कि मुझे भारी अंतर से जीत प्राप्त हुई है। मैं मनोवैज्ञानिक समस्याओं के निदान के लिए माइंडफुलनेस सेंटर की स्थापना, नए हॉस्टल का निर्माण तथा अन्य मुद्दों पर जल्द काम करूंगा। एबीवीपी की जीत आम छात्रों की जीत है इस जीत से उनके लिए कार्य करने को हमेशा समर्पित रहूंगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें