नई दिल्ली। विद्यार्थी दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) में प्रवेश परीक्षा आधारित स्नातक कोर्स, ईसीए व स्पोर्ट्स कोटे के दाखिले शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं। डीयू प्रशासन ने दाखिला तिथि की घोषणा कर इस इंतजार को समाप्त कर दिया है। प्रवेश परीक्षा आधारित 12 कोर्सेज व एनसीवेब के दाखिले 30 अक्तूबर से शुरू होंगे। एक्सट्रा करिकलुर एक्टिविटी (ईसीए) और स्पोर्ट्स कोटे की दाखिला प्रक्रिया 8 नवंबर से शुरू की जाएगी।
डीयू के 12 स्नातक कोर्सेज के लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की ओर से 26 सितंबर से एक अक्तूबर तक प्रवेश परीक्षा (डीयूईटी) आयोजित की गई थी। जल्द ही इसके नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे। इसके बाद 30 अक्तूबर से दाखिला प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। इसी तरह एनसीवेब में दाखिले के लिए पहली कटऑफ 16 अक्तूबर को आकर दाखिले 18 अक्तूबर से शुरू होने थे। अब कटऑफ 25 के बाद आएगी और दाखिले 30 अक्तूबर से शुरू होंगे। एनसीवेब मेें केवल दिल्ली की लड़कियों को ही दाखिला मिलता है।
इसी तरह, बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने ईसीए और स्पोर्ट्स कोटे से दाखिले के लिए भी आवेदन किया है। इसके लिए अलग से दाखिला प्रक्रिया होती है, जिसकी शुरुआत 8 नवंबर से होगी। अभी ईसीए के दाखिले के लिए प्रमाणपत्रों की जांच चल रही है। ये सभी दाखिले शुरू होने के बाद कुछ कोर्सेज में सीटें खाली होंगी। इससे अब तक दाखिले से वंचित विद्यार्थियों के लिए मौके बनेंगे। डीयू प्रशासन ने विस्तृत दाखिला शेड्यूल और गाइडलांइस को जानने के लिए आधिकारिक वेबसाइट नियमित तौर पर देखते रहने की सलाह दी है।