पॉश इलाके ग्रेटर कैलाश में वकील का घरेलू सहायक ही उनके घर में डाका डाल रहा था। उसने अलमारी में से सात लाख रुपये चुरा लिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने घरेलू सहायक को उस समय गिरफ्तार कर लिया, जब वह बिहार स्थित अपने गांव भागने की फिराक में था।
दक्षिण जिला डीसीपी एस-ब्लॉक, ग्रेटर कैलाश में रहने वाले दिल्ली हाईकोर्ट के वकील शशांक गर्ग ने ग्रेटर कैलाश पुलिस को शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि उनके घरेलू सहायक बिहार निवासी सत्यनारायण ठाकुर ने उसके घर से सात लाख रुपये चुरा लिए हैं। मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी की लोकेशन चेक की तो पता चलावह एचआरजी मार्ग ग्रेटर कैलाश एक में है।
पुलिस ने उसे वहां से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी उस समय बिहार भागने की फिराक में था। पूछताछ में उसने बताया कि वह पीड़ित के घर में दो वर्षों से काम कर रहा है। उसने अपने काम के बल पर मालिक का विश्वास जीता। जब उसे पता लगा कि घर में बनी अलमारी में बहुत पैसा है तो उसके मन में लालच आ गया और उसने पैसे को चुराने की साजिश रची।
मौका लगते ही वह धीरे-धीरे अलमारी से पैसे चुराता रहा। वह पैसों को चुराकर डिफेंस कॉलोनी स्थित अपने एसबीआई बैंक के खाते में जमा करा देता था। उसने बैंक खाते में छह लाख रुपये जमा करा दिए थे। आरोपी के पास पीड़ित के घर से चुराया गया काले रंग का पाउच और 15582 रुपये बरामद किए गए हैं।