जीटीबी अस्पताल में भर्ती, तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। नंद नगरी इलाके में गली में शराब पीने से मना करने पर तीन युवकों ने दो दोस्तों पर बीयर की बोतल से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए। पुलिस ने दोनों को जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने पीड़ितों का बयान लेकर तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित कुणाल (22) फिलहाल भोपुरा, गाजियाबाद, यूपी में परिवार के साथ रहता है। तीन-चार साल पहले वह परिवार के साथ नंद नगरी में ही रहता था। इसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं, वह सात दिन पहले ही जेल से छूटकर आया था। कुणाल ने बताया कि 14 अगस्त की रात करीब 11 बजे वह अपने दोस्त दर्शन के साथ नंद नगरी किसी से मिलने आया था। दोनों गली में खड़े होकर बीयर पी रहे थे। इस बीच इलाके के रहने वाले बॉबी उर्फ गंगा प्रसाद, राज कुमार और मनु वहां पहुंचे और उन्हें वहां से जाने के लिए कहने लगे।
दोनों दोस्तों ने वहां से जाने से इन्कार कर दिया। इस बीच आरोपियों ने गुस्से में वहां पड़ी बीयर की बोतल उठाई और उनके सिर व कमर पर मार दी जिससे दोनों जख्मी हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में उनकी शिकायत पर गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।