तीनों नगर निगमों और दिल्ली सरकार द्वारा मच्छरजनित बीमारियों के खिलाफ बरते गए सुरक्षा उपायों का असर अब दिख रहा है। कॉलोनियों में बढ़ाई गई फॉगिंग और जन जागरूकता अभियानों का ये असर हुआ कि सर्दियां बढ़ने के साथ ही इस हफ्ते डेंगू के मामले करीब आधे घट गए, जबकि इस हफ्ते डेंगू से छह और लोगों ने अपनी जान गंवा दी है। इस साल अभी तक कुल 15 लोगों की डेंगू से मौत हो चुकी है।
निगम की रिपोर्ट के मुताबिक इस हफ्ते छह और लोगों की डेंगू से मौत जरूर हुई, लेकिन निगम के अधिकारियों की मानें तो ये मौतें पिछले सात दिनों की नहीं बल्कि अक्तूबर और नवंबर की हैं, जिनकी अब जाकर डेंगू से मौत की पुष्टि हो पाई है। लेकिन इस हफ्ते आए इन आंकड़ों ने दिल्ली में डेंगू से मरने वालों की संख्या में रिकॉर्ड वृद्धि हुई है।
इस साल डेंगू से मौत के आंकड़े ने पिछले पांच साल के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। 2016 और 17 में 10 लोगों की डेंगू से मौत हुई थी, इसके बाद अबतक किसी साल इतनी अधिक मौतें नहीं हुईं।