जानकारी के अनुसार नाज मोहम्मद (18) नामक युवक परिवार के साथ पुराने सीलमपुर इलाके में रहता है। वह 12वीं कक्षा का छात्र है। इसके अलावा वह एक कपड़े की दुकान पर काम भी करता है। एक साल पहले सोशल मीडिया पर उसकी दोस्ती वसंतकुंज की रहने वाली एक लड़की से हुई थी। दोनों की दोस्ती प्यार में बदली। अक्सर दोनों मिलने लगे। 26 मार्च को युवती का जन्मदिन था। नाज ने जन्मदिन मनाने की बात कर युवती को सीलमपुर बुलाया।
एक युवक खुद को बताने लगा भजनपुरा थाने का एसएचओ
युवती के साथ उसकी एक दोस्त भी आई। नाज ने केक काटने के लिए अपने दोस्त मोमिन से एक कमरा बुक करने के लिए कहा। मोमिन ने यमुना विहार के एक मकान में 1,200 रुपये में कमरा बुक कर दिया। नाज और दोनों युवतियां वहां पहुंची। इस दौरान नाज केक लेने जाने लगा तो कमरे की कुंडी बाहर से बंद थी। अभी वह इसका पता कर ही रहा था कि अचानक तीन-चार महिलाएं वहां पहुंची और कमरे पर गलत काम करने की बात करने लगी। एक अन्य शख्स वहां पहुंचा और वह खुद को भजनपुरा थाने का एसएचओ बताने लगा। नाज का एक दोस्त भी वहां पहुंच गया।
आरोपियों ने चारों को जमकर पीटा। इसका वीडियो भी बना लिया। बाद में छोड़ने के बदले आरोपियों ने आठ लाख की मांग की। मौके पर मोहल्ले वालों की भीड़ इकट्ठा हो गई। नाज ने किसी तरह अपने एक दोस्त को पूरी घटना बताई। दोस्त वहां पहुंचा और पुलिस को खबर दी। पुलिस के आते ही आरोपी वहां से फरार होने लगे। मौके पर ही मोमिन को दबोच लिया। पुलिस ने जबरन वसूली, मारपीट व अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।