पालम इलाके में पत्नी से कहासुनी के बाद गुस्से में घर से बाहर निकले युवक को बदमाशों ने लूट लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने उसकी पिटाई कर उसे अधमरा कर दिया। युवक का इलाज करवाने के बाद पुलिस ने उसके बयान पर लूटपाट का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस फरार बदमाशों की पहचान करने में जुटी है।
पुलिस को दी शिकायत में चंदन कुमार ने बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ महावीर एंक्लेव में रहता है। वह एक निजी कंपनी में वेब डिजायनर का काम करता है। शुक्रवार की रात उसकी अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। वह गुस्से में आकर घर से निकल गया। रात में करीब 2.30 बजे वह वापस घर आ रहा था। नसीरपुर के भगत सिंह पार्क के पास तीन युवक पार्क से बाहर निकलकर उसके पास आए। बदमाश उससे मोबाइल फोन छीनने लगे। चंदन के विरोध करने पर बदमाशों ने उसकी पिटाई शुरू कर दी।
पीड़ित ने बताया कि उसे अधमरा करने के बाद बदमाशों ने उसका मोबाइल फोन और पर्स छीन लिया। पर्स में नकद, एटीएम कार्ड के अलावा अन्य दस्तावेज थे। वारदात को अंजाम देकर बदमाश फरार हो गए। चंदन ने घर पहुंचने के बाद पत्नी के फोन से घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस पीड़ित के पास पहुंची और उसका इलाज करवाया।
पीड़ित ने पुलिस को बदमाशों का हुलिया बताया। पुलिस अधिकारी का कहना है कि पीड़ित के बताए हुलिए और सीसीटीवी कैमरे की मदद से पुलिस बदमाश की पहचान करने में जुटी है।