एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि मुख्य रूप से विमान संख्या आई 5-560 को जयपुर के लिए, ईके-514 को अमृतसर के लिए, 6ई-2103 को जयपुर के लिए, 6ई-5177 को लखनऊ के लिए, 6ई-2103 मुंबई-दिल्ली को जयपुर के लिए, 6ई-5177 अगरतला-दिल्ली को लखनऊ के लिए, विमान संख्या 6ई-2193 को जयपुर व 6ई-5361 को दिल्ली की जगह जयपुर के लिए डायवर्ट किया गया।
लगातार लेट होते गए विमान
दिल्ली से उड़ान भरने वाले विमान भी लगातार लेट होते चले गए। रनवे पर उड़ान भरने वाले विमानों की कतार लग गईं। वहीं टर्मिनल-1 पर यात्रियों की भारी भीड़ जमा हो गई, क्योंकि इस टर्मिनल पर पहुंचे यात्रियों को चेकिंग व बोर्डिंग होने के बावजूद रनवे तक नहीं ले जाया गया।
एयरपोर्ट पर बिठाने के लिए हैंगर-वे तक जाने वाली बसें भी संचालित नहीं हो रही थीं। एयरपोर्ट संचालित करने वाली कंपनी डायल का कहना है कि धूल भरी आंधी की वजह से एहतियाती कदम उठाया गया था। विमानों की आवाजाही महज 5 से 10 मिनट के लिए प्रभावित हुईं। इस दौरान उड़ान भरने वाले विमान ही प्रभावित हुए। उधर, एयरपोर्ट सूत्रों का कहना है कि छह से अधिक विमानों को दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरने की इजाजत नहीं मिली, इस वजह से यात्रियों को परेशान होना पड़ा।
11 वर्ष में सबसे अधिक रहा न्यूनतम तापमान
राजधानी में बीते 24 घंटे में दिल्ली वासियों को लू से राहत मिली, लेकिन न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस के साथ बीते 11 वर्ष में सबसे अधिक दर्ज किया गया। इससे पहले 2011 में 21 डिग्री सेल्सियस पारा पहुंचा था। मौसम विभाग ने सप्ताहांत पर ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए पारा 40 के पार पहुंचने की संभावना जताई है।
विभाग के मुताबिक, बीते 24 घंटे में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 39.4 व न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच अधिक 26.2 डिग्री सेल्सियस रहा। दिनभर तेज धूप निकलने की वजह से गर्मी का अहसास बना रहा। हालांकि, हवा की रफ्तार अधिक होने के कारण लू से राहत मिली। बीते 24 घंटे में हवा में नमी का स्तर 19 से 48 फीसदी रहा।
मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जारी करते हुए अगले 24 घंटे में पारा चढ़ने की संभावना जताई है। अधिकतम तापमान 40 व न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। हालांकि, पारा बढ़ने के साथ आंशिक रूप से बादल छाए रहने की भी संभावना है। इसके अगले दिन मौसम साफ रहेगा व तेज धूप निकलेगी।