राजधानी में इस साल गर्मी सारे रिकॉर्ड तोड़ रही है, अमूमन न गर्म न सर्द रहने वाले अप्रैल में भी इस बार जमकर आसमान से आग बरसी। यही वजह है कि पारा चढ़ने के साथ ही बीते डेढ़ माह में राजधानी में एकाएक आग लगने की घटनाओं में इजाफा हो गया। पिछले माह 30 अप्रैल की बात करें तो उस दिन दमकल विभाग के कंट्रोल रूम में रिकॉर्ड तोड़ 190 कॉल्स आई। पूरे अप्रैल माह में कोई दिन ऐसा नहीं गया जिस दिन 114 से कम कॉल्स आई हों।
मई माह की बात करें तो 14 मई को सबसे अधिक 156 कॉल्स आई। दिल्ली फायर सर्विस के अधिकारियों का कहना है कि गर्मियों की शुरुआत में वातावरण में आद्रता कम हो जाती है। मौसम में नमी कम होने के कारण आग लगने की संभावनाएं बढ़ जाती हैं।
मुंडका में लगी आग के अलावा शायद ही कोई ऐसा दिन जा रहा होगा, जिस दिन कोई बड़ी आग न लग रही हो। अधिकारियों का कहना है कि थोड़ी सी सावधानी से इन घटनाओं में कमी लाई जा सकती है।
दमकल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस साल मार्च के अंतिम सप्ताह से ही पारा चढ़ना शुरू हो गया था। यही वजह थी कि तापमान बढ़ते ही आग की कॉल्स में भी इजाफर होने लगा। जनवरी, फरवरी में जहां औसतन 55-60 कॉल्स आ रही थी, अचानक पारा चढ़ते ही 26 मार्च से आग की कॉल्स में इजाफा होने लगा। 26 मार्च से एक मई तक 100 से अधिक ही कॉल्स आई। मई के पहले सप्ताह में मौसम के मिजाज थोड़ा नर्म हुए तो कॉल में गिरावट दर्ज की गई।
लेकिन जैसे पारा चढ़ा, दोबारा इस माह में आग लगने की कॉल में इजाफा होने लगा। 16 मई को राजधानी का पारा 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उस दिन आग लगने की 147 कॉल्स आई। 15 मई को यह आंकड़ा 164 पर पहुंच गया। दमकल विभाग के अधिकारियों का कहना है कि इस साल लगातार बढ़ रही आग की घटनाएं पिछले सालों के रिकॉर्ड तोड़ रही हैं। वर्ष 2021 की बात करें तो पिछले मई माह में दो बार ही ऐसा हुआ था कि आग लगने की कॉल 100 से अधिक आई हों। मानसून आने के बाद इन कॉल की संख्या में कमी आ जाएगी।
एक मई से 16 मई के बीच आग और तापमान के कुछ आंकड़े...
तारीख-----तापमान--------आग की कॉल
. 01 मई-----43.5--------136
. 02 मई---- 40.5--------85
. 03 मई----40.8---------107
. 04 मई----38.4---------113
. 05 मई----39.1----------64
. 06 मई----37.0---------84
. 07 मई----38.8----------102
. 08 मई----39.4----------86
. 09 मई----40.4----------101
. 10 मई----40.0----------104
. 11 मई----39.5----------96
. 12 मई----41.4----------107
. 13 मई----42.5----------110
. 14 मई----42.5----------156
. 15 मई----44.2----------164
. 16 मई----45.6----------147
----
(नोट: अप्रैल माह के दौरान पूरे माह 100 से अधिक कॉल आई हैं, इस दौरान सबसे कम 114 और सबसे अधिक 190 आई थीं)