दिल्ली कैंट इलाके में हुए भीषण कार हादसे में मौत को मात देने वाले करण का एम्स ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है। वह बयान देने की स्थिति में नहीं है, लेकिन जब पुलिस उसके पास पहुंची तो उसने कहा कि कार में बैठे सभी दोस्त विनोद को कार धीरे से चलाने के लिए कह रहे थे, लेकिन विनोद उनकी बातों को अनसुना कर खाली सड़क पर कार दौड़ा रहा था। दोस्त उसे मना करते रहे और इसी बीच जोरदार धमाका होने के बाद वह अचेत हो गया। करण का जबड़ा, नाक टूट गया है और सिर में भी गहरी चोट है। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है।
इतना कहने के बाद करण दर्द से चीखने लगा और डॉक्टरों ने पुलिस को बताया कि वह बयान देने की स्थिति में नहीं है। पुलिस ने सूचना के आधार पर ही हादसे का मामला दर्ज कर लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घायल हुए युवकों का इलाज होने के बाद ही उनका बयान दर्ज किया जाएगा। उधर दुर्घटना के बाद से पालम गांव व महावीर एन्क्लेव में लोग गमगीन हैं।