फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

डीयू में एडमिशन फ्रॉम होम: यूजी कोर्सेज में प्रवेश परीक्षा से नहीं, कट ऑफ से ही होंगे दाखिले

Sun, 18 Jul 2021 10:49 AM IST
प्राची प्रियम अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली

सार

डीयू ने दाखिला प्रक्रिया व शेड्यूल की अधिकारिक घोषणा कर दी है। केवल 13 यूजी कोर्सेज व पीजी, एमफिल व पीएचडी में एंट्रेस से दाखिले होंगे। यूजी कोर्सेज के लिए आवेदन प्रक्रिया दो अगस्त से शुरू होकर 31 अगस्त को समाप्त होगी। दाखिले ऑनलाइन होंगे, किसी विद्यार्थी को डीयू नहीं आना होगा। कोरोना महामारी के कारण दाखिला क्राइटेरिया में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
विज्ञापन
Delhi University
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दिल्ली विश्वविद्यालय के शैक्षणिक सत्र 2021-22 में यूजी (अंडर ग्रेजुएट) कोर्सेज में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन की रेस आगामी 02 अगस्त से शुरू होने जा रही है। इन कोर्सेज में ऑनलाइन आवेदन 31 अगस्त तक किया जा सकता है। जबकि पीजी, एमफिल-पीएचडी कोर्सेज में 26 जुलाई से 21 अगस्त तक आवेदन किया जा सकता है। 
विज्ञापन


दाखिला प्रक्रिया पूरी तरह से ऑनलाइन होगी। किसी विद्यार्थी को किसी भी वजह से डीयू नहीं आना होगा। इस बार दाखिले के लिए सेंट्रल यूनिवर्सिटी कॉमन एंट्रेस टेस्ट लिए जाने की संभावनाओं पर विराम लग गया है। इस बार भी दाखिले बीते सालों की तरह कट ऑफ के आधार पर ही होंगे। शैक्षणिक सत्र 2021-22 की दाखिला प्रक्रिया व शेड्यूल की घोषणा शनिवार को एक प्रेस वार्ता में कर दी गई। 

डीयू दाखिला समिति चेयरमैन प्रो राजीव गुप्ता ने कहा कि कोरोना महामारी के कारण इस बार भी दाखिला प्रक्रिया में कोई बदलाव नहीं किया गया है। आवेदन से लेकर दाखिले सब ऑनलाइन ही होंगे। किसी विद्यार्थियों को डीयू आने की आवश्यकता नहीं होगी। इस बार यूजी कोर्सेज में दाखिले कट ऑफ से ही होंगे। यूजी स्तर के जिन नौ कोर्सेज में प्रवेश परीक्षा होती है उनमें दाखिले प्रवेश परीक्षा के आधार पर ही होंगे। 
विज्ञापन


इस साल यूजी स्तर पर चार अतिरिक्त विषयों बैचलर इन फिजियोथैरेपी, बैचलर इन ऑक्यूपेशनल थैरेपी, बैचलर ऑफ प्रोसथैटिक्स एंड ऑर्थोटिक्स की प्रवेश परीक्षा होगी। यूजी स्तर पर 13 कोर्सेज में दाखिले प्रवेश परीक्षा से होंगे। सभी प्रवेश परीक्षाएं दिल्ली यूनिवर्सिटी एंट्रेस टेस्ट (डीयूईटी) नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) की ओर से आयोजित की जाएंगी। 

वहीं, पीजी व एमफिल-पीएचडी कोर्सेज में भी दाखिले एनटीए की ओर से आयोजित होने वाली प्रवेश परीक्षा के आधार पर ही होंगे। ऐसे नॉन नेट आवेदक जो एमफिल-पीएचडी में दाखिला लेना चाहते हैं उन्हें डीयूईटी प्रवेश परीक्षा में बैठना होगा। प्रशासन ने कंप्यूटर आधारित इस प्रवेश परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्रों को बढ़ाने की भी तैयारी की है। 

स्पोर्ट्स और ईसीए के दाखिले के लिए चार साल के प्रमाणपत्र जमा करा सकेंगे
इस बार भी स्पोर्ट्स व ईसीए (एक्सट्रा करिकुलर एक्टिविटी) के दाखिले के लिए ऑफलाइन या ऑनलाइन ट्रॉयल नहीं होंगे। स्पोर्ट्स व ईसीए की सुपरन्यूमेरी सीटों पर दाखिले मेरिट व प्रतिभागी प्रमाणपत्र के आधार पर होंगे। इस कोटे के दाखिले में इस बार तीन साल की जगह चार साल (एक मई 2017 से 30 अप्रैल 2021) के प्रमाण पत्रों के आधार पर दाखिला मिलेगा। यह प्रावधान कोरोना के कारण केवल इसी साल के लिए किया गया है।

यूजी के लिए एक ही फॉर्म से आवेदन व दाखिला
यूजी कोर्सेज में दाखिले के इच्छुक विद्यार्थियों को पंजीकरण के लिए अलग व दाखिले के लिए अलग फॉर्म नहीं भरना होगा। डीयू पंजीकरण कम ऐप्लीकेशन फॉर्म से ही दाखिला लिया जा सकेगा। दाखिला समिति चेयरमैन प्रो राजीव गुप्ता ने बताया कि बीते साल की तरह यूजी के लिए एक ही फॉर्म है। 

उन्होंने बताया कि 2019 तक विद्यार्थी पहले आवेदन फॉर्म भरते थे फिर कॉलेज का दाखिला फॉर्म भरना पड़ता था। इस तरह से उन्हें दो बार शुल्क का भुगतान करना पड़ता था। लेकिन बीते साल से एक ही फॉर्म कर दिया है। अलग से शुल्क लेकर फॉर्म नहीं भरवाया जाएगा। पीजी के लिए भी आवेदकों को एक ही फॉर्म भरना होगा। लेकिन यदि आवेदक एक से ज्यादा प्रोग्राम के लिए आवेदन करता है तो उसे अलग-अलग पंजीकरण शुल्क देना होगा। एमफिल पीएचडी के लिए एक ही कॉमन फॉर्म से आवेदन करना होगा। 
विज्ञापन

सीबीएसई मार्किंग स्कीम के निकाले गए रिजल्ट से कट ऑफ निकालेंगे
डीयू ने एक बार फिर से स्पष्ट किया है कि सीबीएसई मार्किंग स्कीम के आधार पर निकाले गए रिजल्ट के आधार पर ही कट ऑफ निकाली जाएगी। कॉलेज ही रिजल्ट के बाद मेरिट लिस्ट जारी करेंगे। अधिकारियों के अनुसार डीयू में दाखिला लेने वाले 70 फीसदी आवेदक सीबीएसई बोर्ड के ही होते हैं। क्या कॉलेजों को सीबीएसई के मार्किंग स्कीम से कट ऑफ निकालने पर दिक्कत होगी? 

इस पर अधिकारियों का कहना है कि सीबीएसई ने रिजल्ट निकालने के लिए जो मार्किंग स्कीम तय की है। उससे रिजल्ट फीसदी में ही आएगा। लिहाजा कटऑफ तैयार करने में दिक्कत नहीं होगी। कटऑफ तैयार करने के तौर-तरीकों पर चर्चा के लिए डीयू दाखिला समिति की जल्द ही कॉलेज प्रिंसिपल के साथ बैठक होगी। कटऑफ इस तरह तैयार होगी जिससे सीटों से अधिक दाखिला देने से बचा सके। कटऑफ का शेड्यूल जल्द फाइनल कर जारी किया जाएगा।

दाखिले से जुड़ी खास बातें
. दाखिले के लिए आवेदन डीयू दाखिला पोर्टल से ही किया जा सकेगा, दाखिले के लिए समर्पित वेबसाइट तैयार की गई है 
. दाखिला प्रक्रिया की जानकारी से परिचित कराने के लिए वेबिनार, व ट्यूटोरियल वीडियो तैयार किए जाएंगे
. आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित चैट-बूटस हेल्प डेस्क के रूप में करेंगे मदद
. दाखिले से जड़ी प्रत्येक जानकारी डीयू की वेबसाइट www.du.ac.in से ही लेने की सलाह
. सीटों में किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया गया है
. विद्यार्थियों को तकनीकी दिक्कत नहीं आए, इसके लिए सिस्टम को स्टूडेंट फ्रैंडली बनाया गया है।

अंडर ग्रेजुएट कोर्सेज की कुल सीटें: 65,000
पोस्ट ग्रेजुएट कोर्सेज की कल सीटें: 20,000
कुल कॉलेज: 91
सामान्य व ओबीसी के लिए पंजीकरण शुल्क: 250 रुपये
एससी-एसटी, पीडब्लूडी के लिए पंजीकरण शुल्क : 100 रुपये
एंट्रेस आधारित कोर्सेज के लिए सामान्य ओबीसी के लिए पंजीकरण शुल्क: 750 रुपये
एंट्रेस आधारित कोर्सेज के लिए एससी-एसटी व पीडब्लयूडी के लिए शुल्क: 300 रुपये

विद्यार्थी चिंता ना करें हम यहीं हैं : कुलपति
कार्यवाहक कुलपति प्रो पीसी जोशी ने कहा कि दाखिला प्रक्रिया के दौरान विद्यार्थियों को चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। हम विद्यार्थियों की मदद के लिए यहीं हैं। सिस्टम इस तरह से तैयार किया गया है कि उससे विद्यार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें