सुल्तानपुरी में रहने वाली कमला (31) (बदला नाम) पति और घरवालों से नाराज होकर अपनी 11 और 5 वर्ष की दो बच्चियों के साथ 5 अक्तूबर 2015 को घर छोड़कर चली गई। लोकल पुलिस उनकी तलाश नहीं कर पाई तो हाईकोर्ट के आदेश पर 2018 में मामला क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर हो गया।
अपराध शाखा ने महिला को अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर से ढूंढ निकाला। महिला ने अपना धर्म बदल लिया है और अपनी बच्चियों के साथ गुरुद्वारे में सेवा में जुटी थी। उसने पति व परिजनों के साथ जाने से इनकार कर दिया है। महिला की कुशलता जानकर उसके परिजन खुश हैं और उसे मनाकर घर ले जाने के प्रयास में जुटे हैं।
अपराध शाखा की पुलिस उपायुक्त मोनिका भारद्वाज ने बताया कि आसपास काफी तलाश के बाद भी महिला और बच्चियों का पता नहीं चला तो शिकायत पुलिस से की गई। लोकल पुलिस महिला की तलाश में असफल रही तो परिजनों ने तीनों की तलाश कराने के लिए हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया।
हाईकोर्ट ने वर्ष 2018 में मामला दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा को ट्रांसफर कर दिया। एसीपी एसके गुलिया व इंस्पेक्टर महेश पांडेय की टीम को जांच में पता चला कि कमला की पति से अनबन थी। उससे पूछताछ की गई। शक होने पर पुलिस ने उसका पॉलीग्राफ टेस्ट भी कराया, लेकिन कामयाबी नहीं मिली।
परिजनों ने टीवी-रेडियो पर भी उनकी गुमशुदगी की सूचना दी। महिला व बच्चियों का सुराग देने वालों को एक लाख रुपये इनाम देने की घोषणा भी की गई।