ग्रीन लाइन पर इंद्रलोक और कीर्तिनगर से ब्रिगेडियर होशियार सिंह, वॉयलेट लाइन पर कश्मीरी गेट से राजा नाहर सिंह और पिंक लाइन पर मजलिस पार्क-शिव विहार के बीच सुबह 8:05 से 11:05 बजे तक मेट्रो सेवाएं प्रभावित रहीं। सिग्नल में आई समस्या के कारण यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचने में काफी वक्त लगा। सिग्नल में आई खराबी(ट्रैक सर्किट ड्रॉप / ट्रेन आईडी लॉस) के कारण मेट्रो की रफ्तार धीमी रही। सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए मेट्रो की रफ्तार धीमी रही और परिचालन मैन्युअल तौर पर किया गया।
सीमित रफ्तार में चली मेट्रो, यात्रियों को सेवाओं की मिल रही जानकारी
डीएमआरसी के कार्यकारी निदेशक अनुज दयाल ने जानकारी दी कि बॉम्बार्डियर आधारित सिग्नलिंग प्रणाली में तीनों लाइनों पर समस्या की सूचना मिल रही थी। इस अवधि के दौरान यात्रियों को हुई देरी और असुविधा कम करने के लिए तीनों लाइन पर सेवाओं में बदलाव किया गया है। इन लाइनों पर सिगनल/आईडी के अभाव के कारण ट्रेनों को प्रतिबंधित गति से मेट्रो का परिचालन किया गया। डिपो से ट्रेनों के सुचारू रूप से आवागमन के लिए इसे नियंत्रित किया गया। यात्रियों को इस दौरान मेट्रो स्टेशनों और मेट्रो के अंदर भी उदघोषणाएं की जा रही थी।
बॉम्बार्डियर के समक्ष उठाया जाएगा मुद्दा
पश्चिम विहार से इंद्रलोक के बीच ट्रेनों की शॉर्ट लूपिंग भी की गई थी ताकि सुबह 9.00 बजे से आधे घंटे के लिए यात्रियों की परेशानी कम हो सके।सुबह 11 बजकर पांच मिनट पर सिग्नलिंग समस्या को दूर करने के बाद तीन लाइन पर मेट्रो सेवाएं सामान्य हो गईं। डीएमआरसी इस मामले की जांच करेगा और भविष्य में सिग्नल में खराबी के कारण इस तरह की समस्या दोबारा न हो इसके लिए बॉम्बार्डियर के समक्ष इस मुद्दे को उठाया जाएगा।