दिल्ली परिवहन निगम(डीटीसी) बसों में सफर के दौरान महिलाओं की सुरक्षा के लिए जल्द ही नई वैन तैनात की जाएंगी। पैनिक बटन दबते ही, वैन में मौजूद टीम को इसकी सूचना मिल जाएगी। इससे जल्द से जल्द महिला यात्री को मदद मिल सकेगी। इसके लिए 20 वैन खरीदी गई हैं।
बसों में महिलाओं की सुरक्षा के लिए पैनिक बटन भी लगे हैं। पुरानी बसों में खराब होने वाले पैनिक बटन को फिर से दुरस्त किया गया है ताकि महिलाएं जब भी इसकी जरूरत महसूस करें, इस्तेमाल किया जा सके। सूत्रों के मुताबिक आईजीएल के सहयोग से कॉरपोरेट सोशल रिस्पांसबिलिटी(सीएसआर)के तहत इको वैन को महिलाओं की सुरक्षा में लगाया जाएगा। इसमें डीटीसी कर्मियों के साथ -साथ मार्शल भी होंगे ताकि किसी भी स्थिति में महिलाओं को सुरक्षा मुहैया की जा सके।
महिलाओं को नहीं सताएगी चिंता
एक साल पहले महिलाओं के लिए बसों में निशुल्क सफर की शुरुआत की गई थी। इससे महिलाओं को न केवल आर्थिक राहत मिली बल्कि बसों में महिला यात्रियों की संख्या में भी बढ़ोतरी हुई। अब सुरक्षा के लिए नई सुविधा दी जा रही है ताकि डीटीसी बसों में सफर के दौरान महिला यात्रियों को सुरक्षा की चिंता न सताए।