राजधानी में मौसम में बदलाव को लेकर हलचल कम हो गई है। यही वजह है कि सप्ताह के अंत तक मौसम में अधिक बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि, अगले सप्ताह से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में वृद्धि होने की वजह से सर्दी से राहत मिलेगी।
स्काईमेट वेदर के प्रमुख मौसम विज्ञानी महेश पलावत के मुताबिक, आने वाले दिनों में एक के बाद एक लगातार तीन पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहे हैं। इसका असर उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में बारिश के रूप में देखने को नहीं मिलेगा। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के आसार हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से एक कम 22.5 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से दो कम 8.2 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी का स्तर 32 से 95 फीसदी तक रिकॉर्ड किया गया। दिनभर धूप खिलने से धूप का आनंद लिया।
औसत श्रेणी में रही हवा की गुणवत्ता
राजधानी में मौसमी दशा का साथ देने की वजह से हवा की गुणवत्ता लगातार दूसरे दिन औसत श्रेणी में रही है। सबसे साफ हवा 130 एक्यूआई के साथ ग्रेटर नोएडा की दर्ज की गई है। वायु गुणवत्ता की निगरानी करने वाली एजेंसियों का पूर्वानुमान है कि अगले 24 घंटे में भी वायु गुणवत्ता के बिगड़ने के आसार नहीं हैं।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक, दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक 184 रहा। फरीदाबाद का 187, गाजियाबाद 140, गुरुग्राम 147 और नोएडा का 143 रहा। वायु मानक संस्था सफर के मुताबिक, शुक्रवार को हवा की रफ्तार अधिक होने की वजह से हवा की सेहत सुधरी रही है।