जस्टिस सिद्धार्थ मृदुल और जस्टिस रजनीश भटनागर की खंड पीठ ने मंगलवार को कांग्रेस नेताओं सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, राहुल गांधी और भाजपा नेताओं अनुराग ठाकुर, प्रवेश साहिब वर्मा, कपिल मिश्रा और अन्य के खिलाफ फिर से नोटिस जारी कर दिए।
कोर्ट ने संशोधित आवेदन में प्रतिवादियों को आरोपी कहे जाने पर वकील पर नाराजगी भी जताई। कोर्ट ने कहा कि वे सिर्फ प्रस्तावित प्रतिवादी हैं। वे आरोपी नहीं हैं। हम उनसे जवाब मांग रहे हैं क्योंकि आपने उनके खिलाफ आरोप लगाए हैं।
हाईकोर्ट ने एक याचिकाकर्ता की ओर से पेश वकील को पक्ष बनाए गए विभिन्न कार्यकर्ताओं के पते दर्ज कराने या अभी तक उनके पते नहीं ढूंड पाने पर उनके नाम हटाने के लिए कहा। पीठ ने नए आवेदनों में पार्टी बनाए गए सभी राजनेताओं, कार्यकर्ताओं और अन्य लोगों से जवाब मांगा है। कोर्ट ने आम आदमी पार्टी के मनीष सिसोदिया, अमानतुल्ला खां, एआईएमआईएम के अकबरुद्दीन ओवैसी, वारिस पठान और कार्यकर्ता हर्ष मंदार व अन्य सभी को भी नोटिस जारी कर मामले की अगली सुनवाई 29 अप्रैल 2022 को तय की है।