राजधानी में कोरोना संक्रमण बेदम होने लगा है। शनिवार को महज 29 संक्रमित मिले और एक भी मरीज की मौत नहीं हुई। पिछले 10 दिनों में कोरोना से केवल दो मौत हुई हैं। सक्रिय मरीजों की संख्या भी 400 से नीचे पहुंच गई है।
आज लगातार तीसरा दिन है जब दिल्ली में कोरोना के कारण किसी की जान नहीं गई है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी की गई बुलेटिन के मुताबिक फिलहाल पॉजिटिविटी रेट 0.04 प्रतिशत हो गया है।
बता दें कि कोरोना की दूसरी लहर के बाद यह 18वां दिन है जब राजधानी में कोरोना के कारण किसी की मौत नहीं हुई है। इससे पहले 18 जुलाई, 24 जुलाई, 29 जुलाई, दो अगस्त, चार अगस्त, आठ अगस्त, 11 अगस्त, 12 अगस्त,13 अगस्त, 16 अगस्त, 20 अगस्त, 21 अगस्त, 22 अगस्त, 23 अगस्त, 24 अगस्त, 26 अगस्त और 27 अगस्त को भी दिल्ली में कोरोना से मौतों की संख्या शून्य थी।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, बीते 24 घंटे में 48 मरीज स्वस्थ हुए। कुल संक्रमितों की संख्या 14,37,685 हो गई है, जिनमें से 14,12,212 स्वस्थ हो चुके हैं। कुल मौत का आंकड़ा 25,080 है। फिलहाल 393 सक्रिय मरीज हैं। इनमें से 10 अपने घरों में आइसोलेशन में हैं। अस्पतालों में 261 मरीज भर्ती हैं। कोविड केयर केंद्रों में 2 रोगियों का इलाज चल रहा है। कंटेनमेंट जोन 170 हैं।
दिल्ली में कुल मृत्युदर 1.74 फीसदी है और संक्रमण दर 5.64 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटे में कुल 72,434 टेस्ट किए गए हैं। इनमें 51,263 आरटी-पीसीआर से और 21,171 एंटीजन से हुए हैं। संक्रमण दर 0.04 फीसदी रही।
1,53,691 का टीकाकरण
पिछले 24 घंटे में 1,53,691वैक्सीन लगाई गई। इनमें 104,494 को पहली और 49,197 को दूसरी खुराक लगाई गई। अब तक कुल एक करोड़ 30 लाख खुराक लगाई गई हैं। पिछले तीन दिन से प्रतिदिन 1.50 लाख से ज्यादा लोगों का टीकाकरण हो रहा है।