ओमिक्रॉन वैरिएंट की वजह से दिल्ली में कोरोना महामारी ने अब तक के सारे रिकार्ड तोड़ दिए हैं। बीते दो साल में पहली बार राजधानी में सबसे अधिक लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। वहीं इस माह के 13 दिन में 195 लोगों की संक्रमण की वजह से मौत हुई है।
बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि पिछले एक दिन में 28867 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। इससे पहले 20 अप्रैल 2021 को एक दिन में 28359 लोग संक्रमित मिले थे। राजधानी में कोरोना का पहला मरीज 2 मार्च 2020 को मिला था लेकिन तब से लेकर अब तक पहली बार एक दिन में संक्रमित मिलने वालों की संख्या 29 हजार के करीब पहुंची है।
विभाग ने जानकारी दी है कि पिछले एक दिन में 98832 सैंपल की जांच हुई जिनमें से 29.21 फीसदी सैंपल कोरोना संक्रमित मिले हैं। इस दौरान 22121 मरीजों को छुट्टी भी दी गई लेकिन 31 मरीजों की मौत दर्ज की गई है। बीते 31 दिसंबर 2021 तक दिल्ली में कोरोना से कुल मरने वालों की संख्या 25107 थी जोकि अब बढ़कर 25271 तक पहुंच गई है।
इसी के साथ ही दिल्ली में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 16,46,583 हुई है जिनमें से 15,27,152 मरीज ठीक भी हुए हैं। अभी दिल्ली में 94160 कोरोना मरीज उपचाराधीन हैं जिनमें से 2424 मरीजों का इलाज अस्पतालों में चल रहा है। जबकि 559 मरीजों को कोविड स्वास्थ्य केंद्र और 41 मरीजों का इलाज कोविड निगरानी केंद्रों में चल रहा है। इतना ही नहीं 62324 मरीजों का उपचार उनके घरों में चल रहा है।
विभाग ने जानकारी दी है कि अस्पतालों में भर्ती मरीजों में से 98 की हालत गंभीर है जिन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है। इनके अलावा 768 मरीजों को ऑक्सीजन थैरेपी दी जा रही है लेकिन 628 मरीजों में मोडरेट लक्षण होने की वजह से उन्हें आईसीयू में रखा गया है। 55 मरीजों की रिपोर्ट अब तक नहीं आई है।
इनके अलावा राजधानी में कोरोना के नए मामले बढ़ने की वजह से कंटेनमेंट जोन की संख्या भी बढ़कर 23997 तक पहुंच गई है। पिछले एक दिन में तीन हजार नए इलाके कंटेनमेंट जोन में शामिल किए गए हैं।
इनके अलावा राजधानी में 1.17 करोड़ लोग दोनों खुराक लेकर टीकाकरण पूरा कर चुके हैं। इनके अलावा 15 से 17 वर्ष की आयु के 4.02 लाख किशोरों ने वैक्सीन की पहली खुराक हासिल कर ली है। इनके अलावा 65128 स्वास्थ्यकर्मी, फ्रंटलाइन वर्कर और पहले से बीमार 60 वर्ष या उससे अधिक आयु वालों को एहतियात खुराक भी मिल गई है।