दिल्ली में कोरोना की इस लहर में पहली बार संक्रमित मरीजों में कमी आई है। साथ ही संक्रमण दर में भी गिरावट देखने को मिल रही है। पिछले वर्ष 20 दिसंबर से राजधानी में रोजाना संक्रमित रोगी और संक्रमण दर में इजाफा हो रहा था लेकिन पिछले एक दिन में ही 2400 से ज्यादा नए मामलों में गिरावट दर्ज की गई है।
रविवार को स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि पिछले एक दिन में 65621 सैंपल की जांच हुई थी जिनमें 27.87 फीसदी यानी 18286 सैंपल संक्रमित मिले। इस दौरान 28 मरीजों की मौत हुई। जबकि बीते तीन दिन में दूसरी बार संक्रमित मरीजों की तुलना में रिकवरी सबसे अधिक हुई हैं। पिछले एक दिन में 21846 रोगियों को छुट्टी मिली है।
बीते शनिवार की तुलना में कोरोना के नए मामलों में 2432 की कमी आई है। वहीं दैनिक संक्रमण दर में 2.77 फीसदी की गिरावट आई है। इनके अलावा बीते 14 जनवरी को नए संक्रमित रोगियों से अधिक रिकवरी हुई थीं।
बीते 15 जनवरी को एक दिन में 20718 लोग संक्रमित मिले। इस दौरान 67624 सैंपल की जांच हुई थी जिनमें 30.64 फीसदी सैंपल संक्रमित पाए गए। इस दौरान 19554 रोगियों को छुट्टी दी गई थी। वहीं 30 लोगों की मौत भी दर्ज की गई थी। शनिवार की तुलना में नए मरीज और संक्रमण दर के अलावा कोविड जांच के आंकड़ों में भी करीब दो हजार की गिरावट आई है।
बहरहाल राजधानी में कोरोना संक्रमित रोगियों की कुल संख्या अब 17 लाख पार हुई है। 2 मार्च 2020 को राजधानी में पहला कोरोना संक्रमित रोगी मिला था। तब से लेकर अब तक इनकी कुल संख्या 17,09,970 तक पहुंच गई है। इनमें से 15,94,788 रोगी ठीक भी हुए हैं लेकिन 25363 लोगों की अब तक मौत हुई है।
राजधानी में अभी कोरोना के 89819 मरीज उपचाराधीन हैं। इनमें से 68411 मरीजों का उपचार उनके घरों में चल रहा है जिनमें से अधिकांश रोगियों में लक्षण ही नहीं हैं। इसी तरह 502 मरीजों का उपचार कोविड स्वास्थ्य केंद्रों में चल रहा है। वहीं 29 रोगियों की देखभाल कोविड निगरानी केंद्रों में हो रही है। राजधानी के अस्पतालों में 2711 मरीज उपचाराधीन हैं जिनमें से 123 मरीजों की हालत काफी गंभीर है। इन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है। 835 रोगियों का उपचार ऑक्सीजन सपोर्ट पर चल रहा है। दिन में करीब दो से तीन बार इन्हें ऑक्सीजन का सपोर्ट दिया जा रहा है। वहीं 738 संक्रमित रोगियों का उपचार आईसीयू में चल रहा है।
इनके अलावा राजधानी में कंटेनमेंट जोन की संख्या भी बढ़कर 32983 तक पहुंच गई है। पिछले साल अप्रैल में आई चौथी लहर के बाद पहली बार दिल्ली में 32 हजार से अधिक इलाके सील हुए हैं। इसी तरह टीकाकरण की बात करें तो राजधानी में अब तक 1.19 करोड़ व्यस्क आबादी टीकाकरण पूरा कर चुकी है। इनके अलावा 1.26 लाख को एहतियात खुराक दी गई है। वहीं 5.57 लाख किशोर अब तक पहली खुराक हासिल कर चुके हैं।