दिल्ली में लगातार दूसरे दिन संक्रमित मरीजों में कमी आई है। हालांकि दैनिक संक्रमण दर में कोई बदलाव नहीं हुआ है। जबकि कोरोना की जांच में 20 हजार से भी ज्यादा नमूनों की जांच कम हुई है। इसके चलते दैनिक मामलों में करीब छह हजार की कमी दर्ज की गई है। हालांकि, 24 घंटे में संक्रमण दर मामूली बढ़ोत्तरी हुई है।
सोमवार को स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि पिछले एक दिन में 44,762 नमूनों की जांच में 27.99 फीसदी कोरोना संक्रमित मिले हैं जिसके चलते 12527 लोग संक्रमित पाए गए। इस दौरान 18,340 मरीजों को छुट्टी दी गई है।
वहीं 24 मरीजों की संक्रमण के चलते मौत भी दर्ज की गई है। इससे पहले रविवार को 65,621 नमूनों की जांच में 27.87 फीसदी यानी 18286 संक्रमित रोगी मिले थे। दोनों दिन की तुलना करें तो जांच में 20,859 नमूनों की कमी आई है। जबकि संक्रमण दर 27.87 से बढ़कर 27.99 फीसदी तक पहुंच गई।
फिलहाल कुल संक्रमित रोगियों की संख्या बढ़कर 17,22,497 तक पहुंच गई है। इनमें से 16,13,128 रोगी अब तक ठीक भी हुए हैं लेकिन 25387 मरीजों की अब तक जान जा चुकी है। वर्तमान में कोरोना के 83982 मरीज उपचाराधीन हैं जिनमें 68275 मरीज होम आइसोलेशन में हैं। जबकि अस्पतालों में 2784, कोविड स्वास्थ्य केंद्र में 475 और कोविड निगरानी केंद्र में 21 मरीज भर्ती हैं।