फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिल्ली पुलिस ने शहर की सेवा करते हुए नागरिकों को खुद से पहले रखा

विज्ञापन
विज्ञापन
नई दिल्ली। केंद्रीय गृह राज्यमंत्री जी. किशन रेड्डी का कहना है कि दिल्ली पुलिस ने शहर की सेवा करते हुए नागरिकों को खुद से पहले रखा है। कोरोना काल में जब हर कोई डर गया था, तब समर्पित दिल्ली पुलिस का मानवीय चेहरा देखने को मिला। लोगों के दरवाजे पर आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराईं, चिकित्सा शिविर की भी व्यवस्था की और प्रवासी श्रमिकों की देखभाल कर दिल की पुलिस की उपाधि भी हासिल की। रेड्डी मंगलवार को दिल्ली पुलिस के 74वें स्थापन दिवस पर किंग्सवे कैंप मैदान में आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान मुख्य अतिथि और दिल्ली पुलिस आयुक्त एसएन श्रीवास्तव में परेड की सलामी ली।
विज्ञापन

रेड्डी ने कहा कि दिल्ली हमेशा असहिष्णु ताकतों के निशाने पर है। दिल्ली पुलिस ने हिंसक संगठनों के खिलाफ सख्ती से कदम उठाया है। उन्होंने दिल्ली दंगे की जांच में निष्पक्ष पंजीकरण, समर्पित और वैज्ञानिक जांच के लिए दिल्ली पुलिस की प्रशंसा की। उन्होंने दंगे में शहीद हुए हवलदार रतनलाल को श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही दिल्ली पुलिस के 34 कोरोना योद्धाओं को भी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने 26 जनवरी को किसान आंदोलन के दौरान हुई हिंसा में दिल्ली पुलिस के धैर्य, वीरता और संयम की भी प्रशंसा की।
अपने स्वागत भाषण में पुलिस आयुक्त एसएन श्रीवास्तव ने दिल्ली पुलिस के गणतंत्र दिवस मार्चिंग कंसेंटेंड को बधाई दी, जिसने 14 साल के अंतराल के बाद सर्वश्रेष्ठ मार्चिंग की ट्रॉफी जीती। इस अवसर पर पुलिस आयुक्त ने दिल्ली के लोगों को जनसंपर्क वाहन और प्रबोधिनी वाहन समर्पित किया। श्रीवास्तव ने इस अवसर पर दिल्ली पुलिस के जवानों की सीएए-विरोधी प्रदर्शनों से निपटने के लिए प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस ने दंगों में 755 केस दर्ज किए हैं और मामलों की स्वतंत्र रूप से और निष्पक्ष तरीके से जांच करने का इरादा जताया।
विज्ञापन

इस अवसर पर नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक जीसी मुर्मू, सांसद मीनाक्षी लेखी, प्रवेश वर्मा और रमेश बिधूड़ी, दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर बिधूड़ी, पूर्व पुलिस आयुक्त एमबी कौशल, टीआर कक्कड़, वीएन सिंह, अजय राज शर्मा, के के पॉल, नीरज कुमार, बीएस बस्सी और कई सेवानिवृत्त होने के साथ-साथ सेवारत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।
दस्तों का निरीक्षण किया
केंद्रीय गृह राज्यमंत्री किशन रेड्डी ने कार्यक्रम के दौरान एंटी दंगा दस्ते, सशस्त्र पुलिस, महिला पुलिस, कमांडो, डॉग स्क्वायड, माउंटेड पुलिस, ट्रैफिक स्क्वायड, मोबाइल साइबर लैब, स्वाट, आरक्षक, वज्र और हाल में दिल्ली पुलिस में शामिल जनसंपर्क वाहन और प्रबोधिनी की टुकड़ियों का निरीक्षण किया। परेड में हाल में गठित ऑल वुमन दिल्ली पुलिस बैंड आकर्षण का केंद्र रहा।
पदक देकर किया सम्मानित
रेड्डी ने वीरता के लिए 75 पुलिसकर्मियों को विशिष्ठ सेवा का राष्ट्रपति पदक, सराहनी सेवा के लिए पुलिस पदक, जीवन रक्ष पदक और गृह मंत्री के सराहनीय प्रशिक्षण सेवा पदक प्रदान किए।
करोलबाग थाना बना सर्वश्रेष्ठ
रेड्डी ने दिल्ली के करोलबाग थाने को सर्वश्रेष्ठ थाने का पुरस्कार दिया, जबकि दूसरे नंबर पर सीलमपुर और तीसरे नंबर पर मोती नगर थाने को पुरस्कृत किया गया।
दिल्ली पुलिस के 74वें स्थापना दिवस पर सभी कर्मियों को हार्दिक शुभकामनाएं। विपरीत परिस्थितियों में भी देश की राजधानी की सुरक्षा व शांति व्यवस्था को सुनिश्चित करने के लिए पूर्णत: समर्पित दिल्ली पुलिस के बहादुर जवानों के साहस, संयम और संकल्प को सलाम करता हूं।
विज्ञापन

-अमित शाह, केंद्रीय गृहमंत्री
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें