दिल्ली के मोती नगर इलाके में शनिवार सुबह 7.00 बजे पीसीआर में तैनात एएसआई तेजपाल ने सर्विस पिस्टल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद पुलिस महकमें में हड़कंप मच गया। एएसआई के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
शुरुआती जांच में ये बात सामने आई है कि एएसआई पारिवारिक झगड़ों से काफी परेशान चल रहे थे। ऐसे में यह संभावना जताई जा रही है कि उन्होंने झगड़ों से परेशान होकर ही आत्महत्या की होगी। हालांकि इसका स्पष्ट कारण जांच के बाद ही साफ हो सकेगा।
सर्विस रिवॉल्वर से मारी गोली
दिल्ली पुलिस के एक सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) ने शनिवार की सुबह पश्चिम दिल्ली में जखीरा फ्लाईओवर पर ड्यूटी के दौरान पीसीआर वैन में अपनी सर्विस पिस्तौल से कथित रूप से खुद को गोली मार कर आत्महत्या कर ली। अधिकारियों ने इस बारे में बताया।
अधिकारियों ने बताया कि एएसआई तेज पाल (55) पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) में तैनात थे। वह गाजियाबाद के राजनगर में रहते थे। उन्होंने बताया कि पुलिस को घटना के बारे में सुबह करीब सात बजे सूचना मिली और घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि एएसआई ने कथित रूप से अपने सीने में गोली मारी थी। उन्होंने बताया कि पीसीआर वैन के ड्राइवर एएसआई को एबीजी अस्पताल ले गये जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। अपराध शाखा की टीम ने पीसीआर वैन का मुआयना किया। मामले की जांच जारी है।