नई दिल्ली। रेत खनन को लेकर हरियाणा के मेहंदीपुर में चल रही गैंगवार को और बढ़ाने के लिए दो बदमाश हथियार लेने दिल्ली पहुंचे। लेकिन पूर्वी जिला एएटीएस ने दोनों को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान गांव मेहंदीपुर, मुर्थल, सोनीपत निवासी रवि उर्फ मोनू (25) और बख्तापुर, मुर्थल, सोनीपत निवासी प्रवेश (25) के रूप में हुई है।
पुलिस ने लूटी गई एक ब्रेजा गाड़ी, पिस्टल व चार कारतूस आरोपियों से बरामद किए हैं। आरोपी गाड़ी की डिलीवरी देकर हथियार लेने आए थे। पुलिस के मुताबिक निखिल और धीरज गैंग की यमुना में रेत खनन को लेकर गैंगवार चल रही है। दोनों ओर से तीन हत्याएं हो चुकी हैं। पकड़े गए आरोपी निखिल गैंग के हैं। पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है।
पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त प्रियंका कश्यप ने बताया कि जिले के वाहन चोरी निरोधक दस्ता लगातार वाहन चोरों पर शिकंजा कस रहा है। इसी कड़ी में टीम को सूचना मिली कि निखिल गैंग के दो बदमाश लूटी गई गाड़ी के बदले हथियार लेने पूर्वी दिल्ली आने वाले हैं। सूचना के बाद पुलिस ने गाजीपुर इलाके में जाल बिछा दिया। इस बीच मुखबिर के इशारे पर आरोपियों को दबोच लिया गया।
इन दोनों के खिलाफ गाजीपुर थाने में मामला दर्ज किया गया। पूछताछ में इन्होंने बताया कि धीरज गैंग से बदला लेने के लिए उन्हें बढ़िया हथियारों की जरूरत थी। इसलिए वह कार के बदले हथियार लेने आए थे। इनके गैंग में रवि और प्रवेश के अलावा गैंग लीडर निखिल जाहिद और विशाल व अन्य हैं।