पुलिस ने घेराबंदी कर स्कूटी से आए बदमाश को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन बदमाश ने पुलिस टीम पर गोली चलाकर वहां से भागने की कोशिश की। पुलिस टीम की ओर से चलाई एक गोली उसके पैर में लगी और बदमाश वहीं गिर गया।
द्वारका जिले की स्पेशल स्टाफ ने मंगलवार सुबह मुठभेड के बाद एक बदमाश को गिरफ्तार किया है। रोके जाने पर बदमाश पुलिस टीम पर गोली चलाकर भाग रहा था। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में चलाई गई गोली बदमाश के पैर में लगी। पुलिस ने बदमाश का प्राथमिक इलाज करवाने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया है।
विज्ञापन
बदमाश कुछ दिन पहले डाबडी में अपने एक दोस्त के साथ पार्किंग विवाद में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी थी। उसके बाद से बदमाश फरार था। पुलिस फरार की तलाश कर रही है। जिला पुलिस उपायुक्त शंकर चौधरी ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश की पहचान न्यू जनकपुरी निवासी साहिल (24) के रूप में हुई है। पुलिस ने बदमाश के कब्जे से एक पिस्टल, तीन कारतूस और एक स्कूटी बरामद की है।
दो बदमाशों ने अफरोज आलम को मार दी गोली
15 अक्तूबर को पुलिस को सूचना मिली थी कि आपसी कहासुनी में दो बदमाशों ने अफरोज आलम को गोली मार दी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को पास के अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। जांच में पता चला कि दो युवकों ने अफरोज की फैक्टरी के बाहर अपनी बुलेट पार्क कर दी थी। इस बात को लेकर अफरोज की उनसे कहासुनी हो गई थी। आरोपियों ने अफरोज की पिटाई करने के बाद उसके सिर में गोली मारकर फरार हो गए।
विज्ञापन
पुलिस टीम पर कर दी फायरिंग
जांच में दोनों आरोपियों की पहचान साहिल खान और राजा के रूप में हुई। निरीक्षक नवीन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम दोनों बदमाशों की तलाश कर रही थी। पुलिस टीम ने उनकी गिरफ्तारी के लिए दिल्ली, एनसीआर और यूपी के इलाके में दबिश दी। मंगलवार तडके पुलिस को इलाके के छठ पूजा पार्क के पास साहिल के आने की जानकारी मिली। पुलिस ने घेराबंदी कर स्कूटी से आए बदमाश को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन बदमाश ने पुलिस टीम पर गोली चलाकर वहां से भागने की कोशिश की।
फरार बदमाश की तलाश जारी
पुलिस टीम की ओर से चलाई एक गोली उसके पैर में लगी और बदमाश वहीं गिर गया। जिसे पुलिस ने इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। साहिल पर पहले से छह मामले दर्ज हैं। पुलिस बदमाश से पूछताछ कर फरार राजा की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।