फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सख्त हुई पुलिस: नवरात्र और रमजान को लेकर प्रशासन की तैयारी पूरी, बनाई गई स्पेशल टीमें, 24 घंटे रखेंगी निगरानी

Tue, 13 Apr 2021 02:10 AM IST
Vikas Kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

दिल्ली पुलिस कोरोना पर काबू पाने के लिए हर हाल में दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) के दिशा निर्देशों को लागू करवाएगी।
विज्ञापन
दिल्ली पुलिस - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

देश भर में कोरोना महामारी के बीच मंगलवार से नवरात्र और रमजान का पवित्र महीना शुरू हो रहा है। देश के कई राज्यों के अलावा राजधानी में भी कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे समय में नवरात्र और रमजान की वजह से मंदिरों व मस्जिदों में भीड़ बढ़ना लाजमी है। इन त्योहारों के बीच पुलिस और जिला प्रशासन के लिए महामारी के दौरान नियमों का पालन करवाना एक बड़ी चुनौती बना हुआ है।

विज्ञापन


दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि कोरोना पर काबू पाने के लिए हर हाल में दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) के दिशा निर्देशों को लागू करवाया जाएगा। इसके लिए दिल्ली के हर जिले में विशेष टीमों का गठन कर दिया गया है, जो पूरे 24 घंटे हर इलाके में नजर रखेंगी। नाइट कर्फ्यू का भी हर हाल में पालन करवाया जाएगा। फिलहाल किसी भी धार्मिक स्थल बाजार या किसी अन्य स्थानों पर भीड़ इकट्ठा करने की इजाजत नहीं है। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्स से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि नवरात्र और रमजान की खरीदारी के लिए बाजारों में भीड़ बढ़ जाती है। हर जिले के डीसीपी ने अपने-अपने इलाके के थाना प्रभारियों को बुलाकर पहले ही दिशा निर्देश जारी कर दिए थे। खुद सभी जिलों के डीसीपी ने मंदिर, मस्जिद, अमन कमेटी, आरडब्ल्यूए, एमडब्ल्यूए, मोहल्ला सुधार कमेटी के साथ बैठक कर उनको डीडीएमए के आदेशों का पालन करवाने में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस को इन सभी की ओर से सहयोग का आश्वासन भी मिला है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि इसके अलावा सोशल मीडिया व संचार के दूसरे माध्यमों से भी लोगों को जागरुक करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस के इस अभियान का आम लोगों की ओर से समर्थन और सहयोग भी मिल रहा है। 
विज्ञापन


पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हर थाने में 10 से 15 टीमें बनाकर जगह-जगह औचक निरीक्षण किया जा रहा है। इसके अलावा मास्क न लगाने वालों, सामाजिक दूरी का पालन न करने वालों, जगह-जगह थूकने वालों के खिलाफ सख्त एक्शन लिया जा रहा है। जिला प्रशासन भी अपनी-अपनी टीमें बनाकर नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त एक्शन ले रहा है।






धार्मिक स्थलों में पुलिस को हो रही दिक्कत...
पुलिस सूत्रों के मुताबिक डीडीएमए के दिशा निर्देशों के अनुसार किसी भी जगह पर भीड़ इकट्ठा करने पर पूरी तरह पाबंदी है। बाजारों व दूसरे सार्वजनिक स्थानों पर भी पुलिस या जिला प्रशासन लोगों पर एक्शन ले रहा है, लेकिन धार्मिक स्थलों के भीतर इन नियमों का पालन करवाने में दिक्कतें आ रही हैं। पुलिस या जिला प्रशासन यदि किसी धार्मिक स्थल पर जांच के लिए अंदर जाएगा तो निश्चित ही वहां लोगों को इस पर ऐतराज होगा। ऐसे में इन जगहों पर लोगों को खुद ही सावधानी बरतना चाहिए या धार्मिक स्थल प्रशासन को डीडीएमए के नियमों का पालन खुद ही करवाना चाहिए। नियमों का पालन करने के बाद ही बीमारी पर काबू पाया जा सकता है।

रमजान को लेकर मस्जिदों में सभी तैयारी पूरी...
रमजान का महीना शुरू होते ही मस्जिदों को दुल्हन की तरह सजा दिया गया है। कोविड की वजह से मस्जिद कमेटियों ने लोगों से एहतियात बरतने और सरकारी आदेशों का हर हाल में पालन करने का कहा है। अन्य दिनों के मुकाबले रमजान में अचानक भीड़ कई गुना बढ़ जाती है। ऐसे में मस्जिद कमेटी ने लोगों से अपील की है कि बैगर मास्क लगाए मस्जिदों में दाखिल न हों। मस्जिद आने वाले लोगों का गेट पर ही तापमान नापने की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा लोगों से मस्जिदों में सामाजिद दूरी का पालन करने के लिए भी कहा जा रहा है। जो लोग गलती से घर पर मास्क भूल गए हों उनके लिए मस्जिद में मास्क का भी इंतजाम किया जा रहा है। इसके इलावा मस्जिद में सिर्फ फर्ज नमाज अदा करने के लिए गया गया है। बाकी नमाज अपने-अपने घरों में ही अदा करने के लिए कहा गया है। रविवार को जाफराबाद इलाके में मदीना मस्जिद के इमाम मौलाना शमीम अहमद कासमी की अध्यक्षता में एक मीटिंग की गई। उसमें तय किया गया कि रात की नमाज (ईशा की नमाज) के बाद होने वाली तरावीह को हर हाल में रात 10 बजे से पहले अव्वल वक्त में पूरा कर लिया जाएगा।

नियम तोड़ने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई...
. मास्क न पहनने पर चालान-3101
. सोशल डिस्टेंसिंग का पालन न करने के चालान-48

नाइट कर्फ्यू का डाटा...
. नाइट कर्फ्यू के दौरान केस दर्ज-222
. 65डीपी एक्ट/107/151 में कार्रवाई-2523
. कोविडनियमों का उल्लंघन पर चालान-520
(नोट: कोविड नियम तोड़ने वालों का डाटा 11 अप्रैल का है, इसके अलावा नाइट कर्फ्यू का डाटा 10 और 11 अप्रैल की रात का है।)

सभी जिलों के डीसीपी को आदेश दिया गया है कि वह डीडीएमए के आदेशों का सख्ती से पालन करवाएं। त्योहारी सीजन में भी नियमों का सख्ती से पालन करवाए जाएगा। दिल्ली पुलिस सभी से अपील करती है कि वह नियमों का पालन कर इस महामारी से बचने में एक-दूसरे की मदद करें। -चिन्मय बिश्वाल, प्रवक्ता, दिल्ली पुलिस

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें