देश की राजधानी दिल्ली में टीकाकरण अभियान जोर-शोर से जारी है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने हाल ही में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा था कि वैक्सीन की बहुत कमी है। यदि हमें पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन की खुराक मिलती है, तो हम 3 महीने के भीतर टीकाकरण पूरा कर सकते हैं।
ऐसे में आम आदमी पार्टी का मानना है कि कोविड-19 की दूसरी लहर और तीसरी संभावित लहर को रोकने का वैक्सीनेशन ही एकमात्र तरीका है। इसके जरिए दिल्ली और देश की जनता को इस खतरनाक बीमारी से बचाया जा सकता है। ऐसी सूरत में पार्टी ने केंद्र सरकार से मांग की है कि वह दिल्ली को जल्द से जल्द वैक्सीन मुहैया कराए।
आप विधायक आतिशी का कहना है कि दिल्ली में 45 साल से अधिक उम्र के लोगों के लिए 4.65 लाख और 18 से 45 साल के युवाओं के लिए 2.74 लाख वैक्सीन की डोज मौजूद है। इन दोनों आयु वर्ग के लोगों के लिए दिल्ली को क्रमश: 43 लाख और 5.50 लाख वैक्सीन की डोज मिली है।
जबकि दिल्ली में अभी तक 38,96,551 वैक्सीन लगाई गई है, इसमें 8.61 लाख लोगों ने अभी तक दूसरी डोज लगवाई है। दूसरी तरफ दिल्ली में 45 साल से अधिक उम्र के लोगों के लिए 470 वैक्सीनेशन साइट हैं। वहीं, 18 से 45 साल तक के युवाओं के लिए 394 वैक्सीनेशन साइट हैं।