मांगे गए 50 हजार से एक लाख रुपये तक
एक अभिभावक रचना आर्य के मुताबिक रोहिणी, पीतमपुरा के तीन स्कूलों से उन्हें फोन कर बुलाया गया और सीट पक्की करने के लिए कहा गया। रचना के मुताबिक स्कूलों की ओर से उनसे 50 हजार से एक लाख रुपये तक की फीस मांगी गई। हालांकि, उन्होंने दाखिला सूची का इंतजार करना ही बेहतर समझा है।
एडमिशन नर्सरी डॉट कॉम प्रमुख सुमित वोहरा ने बताया कि उनकी फोरम पर अभिभावक शिकायत कर रहे हैं कि उन्हें स्कूल की सीट पक्की करने के लिए अभी से फीस जमा कराने के लिए कहा जा रहा है। जबकि पहली दाखिला सूची जारी होने में चार दिन शेष हैं। कई अभिभावकों ने शिकायत की है कि उनसे एक लाख रुपये तक की फीस जमा कराने के लिए कहा गया है।
वह बताते हैं कि पहले फीस जमा करा दी और दाखिला सूची में किसी मनपसंद स्कूल में दाखिला होगा तो पहली वाली फीस रिफंड होने में समस्या आएगी। इसका कारण यह भी है कि कई स्कूल फीस रिफंड पॉलिसी को नहीं मानते हैं। वहीं यदि वह फीस देकर सीट पक्की कर देते हैं तो उन्हें अपना पैसा डूबने का खतरा भी लग रहा है।
एक से अधिक मूल जन्मप्रमाण पत्र तैयार रखें
अभिभावक दाखिले के लिए एक से अधिक मूल जन्मप्रमाण पत्र तैयार रखें। दाखिले के समय फीस के साथ मूल जन्मप्रमाणपत्र जमा करना होता है। यदि किसी एक सूची में दाखिला हो गया तो मूल जन्म प्रमाणपत्र जल्द ही नहीं मिलेगा। ऐसे में उन्हें किसी दूसरी सूची में दाखिला लेने में दिक्कत आ सकती है।