राष्ट्रीय राजधानी के तमाम स्कूलों के शिक्षकों ने दिल्ली सरकार द्वारा की गई नर्सरी प्रवेश कार्यक्रम की घोषणा का स्वागत किया है। दिल्ली शिक्षा निदेशालय की ओर से बुधवार को घोषणा की गई है कि नर्सरी की कक्षाओं के लिए 18 फरवरी से प्रवेश प्रक्रिया शुरू होगी और 31 मार्च को समाप्त होगी।
दिल्ली के लगभग 1700 स्कूलों में नवंबर में ही नर्सरी के बच्चों का दाखिला हो जाना चाहिये था। लेकिन इस साल कोरोना महामारी के चलते दिसम्बर में भी बच्चों का दाखिला नहीं हो पाया था। जिसके बाद शिक्षा निदेशालय ने इस साल नर्सरी के बच्चों को प्रवेश नहीं कराने का निर्णय भी लिया था। छोटे बच्चों के लिये शिक्षा विभाग ऑनलाइन कक्षाएं चलवाने पर भी विचार कर रहा था। लेकिन अब देर से ही सही लेकिन नर्सरी प्रवेश की तारीख भी सामने आ गई है।
सरकार के इस निर्णय का दिल्ली के स्कूलों के शिक्षकों और प्रधानाचार्यों ने स्वागत किया है। रोहिणी के एमआरजी स्कूल की प्रधानाचार्य प्रियंका बरारा ने कहा है कि स्कूल प्रबंधन और शिक्षक इस कदम से खुश हैं। स्कूल भी अपने नए बैच के स्वागत के लिए तैयार है।यहीं के एक और स्कूल द श्री राम वंडर इयर्स की निदेशक सुमेधा गोयल ने कहा है कि नर्सरी कक्षा बच्चे के लिये बहुत जरूरी है। यह बच्चों के अंदर आत्मविश्वास को बढ़ावा देता है।